हरियाणा रोडवेज बस का एक्सीडेंट, कई सवारियां घायल

फरीदाबाद में दिल्ली-मथुरा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को टक्कर मार दी। हादसे में 7-8 यात्री घायल हुए, जबकि 2-3 की हालत गंभीर बताई गई।

हरियाणा रोडवेज बस का एक्सीडेंट, कई सवारियां घायल

हाई-स्पीड ट्रक ने डिवाइडर तोड़कर बस में मारी टक्कर
7-8 यात्री घायल, 2-3 की हालत गंभीर
YMCA फ्लाईओवर पर हादसे से लगा लंबा जाम


फरीदाबाद में दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज की बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री घायल हो गए।

ट्रक की टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, यह बस बल्लभगढ़ डिपो से दिल्ली ISBT के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस YMCA फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी दूसरी लेन से आ रहे एक ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर तोड़ते हुए बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे की सूचना मिलते ही फरीदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक और बस को हटवाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में करीब 7-8 यात्री घायल हुए, जिनमें से 2-3 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

बस के टूटे हुए हिस्से को एक साइड में करते पुलिसकर्मी।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज करने के बाद उन्हें भी छुट्टी दे दी गई। बाकी यात्रियों को दूसरी बस के जरिए दिल्ली रवाना कर दिया गया।

हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा। बस के बीच सड़क में खड़े हो जाने से यातायात बाधित हो गया था। बाद में पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक को सामान्य कराया।

बस में टक्कर मारने के बाद ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया था। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था। हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी

सेक्टर-8 थाना के एएसआई वीर सिंह के अनुसार, ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसका इलाज कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।