100 रुपए के टोल टैक्स से बचने के चक्कर में साफ्टवेयर इंजीनियर ने दे दी जान

यमुनानगर में टोल टैक्स बचाने के प्रयास में कार तालाब में गिर गई। हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन को ग्रामीणों ने बचा लिया।

100 रुपए के टोल टैक्स से बचने के चक्कर में साफ्टवेयर इंजीनियर ने दे दी जान

➤टोल टैक्स बचाने के प्रयास में कार तालाब में गिरी
➤ हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक की मौत, बहन को ग्रामीणों ने बचाया
➤ चंडीगढ़ से परीक्षा देकर लौट रहे थे भाई-बहन


हरियाणा के यमुनानगर जिले में टोल टैक्स बचाने की कोशिश एक परिवार पर भारी पड़ गई। 100 रुपए के टोल टैक्स से बचने के चक्कर में कार तालाब में गिर गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन को ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकाल लिया। हादसा कान्हड़ी खुर्द गांव में दोपहर करीब 12 बजे हुआ।

मृतक की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। हिमांशु अपनी बहन तान्या को चंडीगढ़ के डकौली में परीक्षा दिलवाने गया था। परीक्षा के बाद दोनों कार से वापस यमुनानगर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, वापसी में दोनों मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर पहुंचे। यहां 100 रुपए का टोल टैक्स बचाने के लिए हिमांशु ने शॉर्टकट रास्ता अपनाया, जो गांव के अंदर से होकर गुजरता है। कान्हड़ी खुर्द गांव में सड़क संकरी होने के कारण सामने से आ रही गाड़ी से बचने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क से नीचे तालाब में जा गिरी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर दोनों भाई-बहन को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी बहन तान्या का इलाज जारी है।

हादसे में तान्या के मुंह पर गंभीर चोट आई है और दांत टूट गए हैं। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मृतक के पिता कृष्ण लाल ने बताया कि 15 दिन पहले ही हिमांशु ने नई कार खरीदी थी। घर में उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। हिमांशु 3 फरवरी को 30 साल का होने वाला था, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

छप्पर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया हैशनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर टैक्स बचाने के लिए अक्सर वाहन चालक इस शॉर्टकट रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सड़क के किनारे तालाब होने के कारण यहां पहले भी हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।