दिल्ली धमाके के बाद सोनीपत में हाई अलर्ट, पुलिस कमिश्नर ने खुद संभाला मोर्चा

दिल्ली धमाके के बाद सोनीपत में हाई अलर्ट जारी। पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने खुद बस स्टैंड और कुंडली बॉर्डर का दौरा किया। संदिग्धों पर नजर, नाकाबंदी जारी।

दिल्ली धमाके के बाद सोनीपत में हाई अलर्ट, पुलिस कमिश्नर ने खुद संभाला मोर्चा
  • दिल्ली ब्लास्ट के बाद सोनीपत में हाई अलर्ट, पुलिस ने शहर में कसी सुरक्षा
  • कमिश्नर ममता सिंह ने खुद संभाला मोर्चा, बस स्टैंड और कुंडली बॉर्डर का दौरा

  • संवेदनशील इलाकों पर नाकाबंदी, संदिग्धों की चेकिंग तेज

सुशील मोर


दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद सोनीपत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर प्रवेश और निकास मार्ग पर नाकाबंदी की गई है। पुलिस की टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और कुंडली बॉर्डर जैसे संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी कर रही हैं।

पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने सोमवार शाम खुद हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने सोनीपत बस स्टैंड और कुंडली बॉर्डर का दौरा कर वहां तैनात पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ एसीपी अमित धनखड़ और डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादयान भी मौजूद रहे।+

कमिश्नर ने कहा कि “जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत गंभीरता से लिया जाए।” उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने और लगातार गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस ने शहर के अंदर और बाहर से आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनीपत में फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कुंडली बॉर्डर से आने वाले हर वाहन की आईडी, नंबर प्लेट और सामान की स्कैनिंग की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें।

दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा के अन्य जिलों की तरह सोनीपत में भी अलर्ट स्तर बढ़ा दिया गया है ताकि किसी भी संभावित साजिश को समय रहते रोका जा सके।