ED की अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर बड़ी कार्रवाई, फाउंडर जावेद सिद्दीकी गिरफ्तार

ED ने फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर 25 जगह रेड कर फाउंडर जावेद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया। शाहीन–मुजम्मिल की नई तस्वीर और i20 कार का नया CCTV फुटेज सामने आया।

ED की अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर बड़ी कार्रवाई, फाउंडर जावेद सिद्दीकी गिरफ्तार
  • ED ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी के 25 ठिकानों पर रेड, फाउंडर जावेद सिद्दीकी गिरफ्तार

  • जांच में 9 शेल कंपनियां, EPFO रिकॉर्ड गायब और कई अनियमितताएं मिलीं

  • दिल्ली ब्लास्ट केस में डॉ. शाहीन–मुजम्मिल की नई तस्वीर व i20 कार का CCTV सामने आया


एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने मंगलवार को फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी के 25 ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने छापों के दौरान यूनिवर्सिटी के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक को सील कर दिया। जांच में एजेंसी को कई अनियमितताएं, शेल कंपनियां और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की कमी मिली। कार्रवाई के दौरान यूनिवर्सिटी के फाउंडर जावेद अहमद सिद्दीकी को दिल्ली के ओखला स्थित ऑफिस से PMLA के तहत गिरफ्तार किया गया।

ED को जांच में पता चला कि 9 शेल कंपनियां एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं। कई कंपनियों में एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा एजेंसी को EPFO का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला, जिससे वित्तीय लेनदेन पर गंभीर सवाल उठे हैं।

इधर, पुलिस ने फरीदाबाद के गांव खंदावली में एक मस्जिद में चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारी मस्जिद और आसपास के घरों तक पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

दिल्ली ब्लास्ट और आतंकी मॉड्यूल केस में गिरफ्तार फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी की डॉ. शाहीन सईद और डॉ. मुजम्मिल शकील की नई तस्वीर भी सामने आई है। यह तस्वीर 25 सितंबर की है, जब दोनों फरीदाबाद में नई ब्रेजा कार की डिलीवरी लेने पहुंचे थे। 13 नवंबर को पुलिस ने यही कार यूनिवर्सिटी से बरामद की थी, जो डॉ. शाहीन के नाम पर रजिस्टर्ड है।

मंगलवार सुबह हरियाणा के कार्यवाहक DGP ओपी सिंह भी यूनिवर्सिटी पहुंचे। उन्होंने चार घंटे तक मौके की समीक्षा की और बाद में DC व CP के साथ बैठक की। DGP ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खुद मौके पर जाकर लीड करें, गायब लोगों की तलाश तेज करें और धार्मिक संस्थानों की चेकिंग अनिवार्य करें।

इस बीच ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई i20 कार का नया CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में आतंकी उमर नबी 10 नवंबर को दोपहर 2:35 बजे दिल्ली के अरुणा आसिफ अली रोड से गुजरता दिखाई दे रहा है। वह रोड पर स्थित एक मस्जिद में 10 मिनट रुका था।

आतंकी उमर का एक नया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह आत्मघाती हमलों को समाज और कानून के खिलाफ बताते हुए कहता है कि ऐसे हमलों में हमलावर को अपनी मौत तय लगती है, जिससे वह और अधिक खतरनाक हो जाता है। उमर ने इसे लोकतंत्र और अच्छे समाज के खिलाफ बताया।