किसान से फसल मुआवजे के 10 हजार रुपये लेते रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोचा
भिवानी में विजिलेंस टीम ने फसल खराबे के मुआवजे की राशि दिलाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
➤ फसल खराबे के मुआवजे की राशि जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत
➤ 15 हजार रुपये की मांग, 10 हजार रुपये में हुआ था सौदा
➤ विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया
भिवानी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने एक पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर वर्ष 2022 में फसल खराबे के मुआवजे की राशि दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता मंजीत पुत्र हरीराम निवासी गुजरानी ने विभाग को शिकायत दी थी कि संबंधित पटवारी उसके फसल नुकसान के मुआवजे की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा है।
विजिलेंस अधिकारी जगजीत सिंह ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पटवारी ने काम करने के लिए पहले 15 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 10 हजार रुपये में बात तय हो गई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला वर्ष 2022 में फसल खराबे से जुड़े मुआवजे का है। शिकायतकर्ता को करीब 35 हजार रुपये की मुआवजा राशि मिलनी थी। आरोप है कि इस राशि से संबंधित कार्य करने के लिए पटवारी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी पटवारी गुजरानी हलके में तैनात था। उसके कार्यक्षेत्र में कालवास और गेदड़ी गांव भी शामिल हैं।
विजिलेंस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले की आगे की जांच जारी है।
Akhil Mahajan