हरियाणा में पुलिस रेड: मस्जिदों में सर्च, 4 जमाती हिरासत में

फरीदाबाद में अल-फलाह यूनिवर्सिटी और मस्जिदों में पुलिस रेड। 4 जमाती हिरासत में, वॉट्सऐप चैट डिलीट मिली। विस्फोटक केस में गल्फ फंडिंग कनेक्शन की जांच।

हरियाणा  में पुलिस रेड: मस्जिदों में सर्च, 4 जमाती हिरासत में

➤ फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गांव में मस्जिदों की जांच, 4 जमाती हिरासत में
➤ पुलिस ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी में भी छापा मारा, एक घंटे तक चली जांच
➤ हिरासत में लिए जमातियों की वॉट्सऐप चैट डिलीट मिली, जांच जारी


दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 2900 किलो विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार को पुलिस ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी में छापा मारा और वहां करीब एक घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। यूनिवर्सिटी के अंदर और बाहर भारी फोर्स तैनात रही।

इसके साथ ही पुलिस ने फतेहपुर तगा गांव की मस्जिदों में भी सर्च अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद से पकड़ा गया डॉ. मुजम्मिल शकील इसी मस्जिद में नमाज पढ़ने आता था। जांच के दौरान पुलिस को जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और नूंह से आए जमातियों पर शक हुआ।

पुलिस ने इनमें से चार जमातियों को हिरासत में लिया, जिनके मोबाइल से वॉट्सऐप चैट डिलीट पाई गई। हिरासत में लिए गए लोगों में एक जम्मू-कश्मीर, एक तमिलनाडु, एक ओडिशा और एक हरियाणा के हथीन (पलवल) का रहने वाला है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन लोगों के फोन से मिली डिलीट चैट को रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े तीन डॉक्टर — डॉ. आदिल अहमद राठर, डॉ. मुजम्मिल गनई उर्फ शकील, और डॉ. शाहीन शाहिद — पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

सूत्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी की फंडिंग गल्फ देशों से हुई है और यह नेटवर्क ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल’ से जुड़ा हो सकता है, जिसमें शिक्षित और प्रभावशाली चेहरे शामिल हैं। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।