लड़की के केस में रिश्वत लेते लेडी ASI गिरफ्तार, ACB ने बिचौलिया महिला को भी पकड़ा
फतेहाबाद में ACB ने 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते लेडी ASI तलविंद्र कौर और महिला बिचौलिया को गिरफ्तार किया। लड़की से जुड़े मामले में 2 लाख रुपए मांगने का आरोप है।
➤ फतेहाबाद में 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते लेडी ASI गिरफ्तार
➤ 2 लाख रुपए मांगने के बाद 35 हजार में हुई थी डील
➤ ACB ने महिला बिचौलिया को भी रंगे हाथों दबोचा
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भट्टू थाने में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) तलविंद्र कौर को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में रिश्वत की रकम लेने में कथित बिचौलिया बनी कस्तूरी देवी नामक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है।
ACB के अनुसार मामला एक लड़की से जुड़े विवाद का था, जिसमें दोनों पक्षों के बीच पहले ही समझौता हो चुका था। इसके बावजूद जांच अधिकारी के रूप में तैनात ASI तलविंद्र कौर युवक पक्ष पर कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे देने का दबाव बना रही थी।
जांच में सामने आया कि शुरुआत में 2 लाख रुपए की मांग की गई थी। बाद में शिकायतकर्ता ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद 35 हजार रुपए में मामला तय हुआ। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत की रिकॉर्डिंग भी ACB को उपलब्ध कराई थी।
ACB अधिकारियों के मुताबिक कस्तूरी देवी का पुलिस विभाग से कोई संबंध नहीं था, लेकिन उसे बिचौलिया बनाकर रिश्वत की रकम वसूलने का प्रयास किया जा रहा था। शिकायतकर्ता को थाने में ही संकेत दिया गया था कि वह कस्तूरी देवी से संपर्क करे और वही आगे की प्रक्रिया संभालेगी।
मंगलवार को ACB की टीम ने भट्टू थाने में जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को बुलाया गया और तय योजना के अनुसार पहले रिश्वत की रकम कस्तूरी देवी को दी गई। इसके बाद रकम ASI तक पहुंची। जैसे ही लेन-देन पूरा हुआ, ACB टीम ने दोनों महिलाओं को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार तलविंद्र कौर पिछले करीब एक वर्ष से भट्टू थाने में तैनात थीं और महिला सेल में जांच अधिकारी के रूप में कार्य कर रही थीं। गिरफ्तारी के समय थाना प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं थे।
ACB इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता को FIR दर्ज होने का डर दिखाया जा रहा था। पंचायत में समझौता होने के बावजूद रिश्वत की मांग जारी थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने तकनीकी और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ट्रैप लगाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि फतेहाबाद जिले में यह लगातार दूसरा भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इससे एक दिन पहले टोहाना सदर थाना में तैनात SI महेंद्र को भी 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। उस पर एक मामले को निपटाने के बदले 72 हजार रुपए मांगने का आरोप था।
लगातार दो दिनों में पुलिस विभाग के दो अधिकारियों की गिरफ्तारी ने विभागीय कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan