चांदी में एक ही दिन में ₹7,700 की बड़ी छलांग
सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को बड़ी तेजी दर्ज की गई। चांदी ₹7700 और सोना ₹2400 तक महंगा हुआ। जानिए आपके शहर में आज का लेटेस्ट रेट।
चांदी में एक ही दिन में ₹7,700 की बड़ी छलांग
सोना ₹2,400 से ज्यादा महंगा होकर ₹1.52 लाख पार
पश्चिम एशिया तनाव और फेड संकेतों से बाजार में हलचल
देश के सर्राफा बाजार में बुधवार सुबह सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। पश्चिम एशिया में शांति बहाली की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बाजारों के संकेतों के बीच निवेशकों ने एक बार फिर कीमती धातुओं की ओर रुख किया है।
एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में चांदी ने सबसे बड़ा उछाल दर्ज किया। 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी पिछले कारोबारी सत्र में 2,44,316 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, जो बुधवार सुबह 2,49,316 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में इसमें 7,684 रुपये की तेजी आई और भाव 2,52,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया।
सुबह करीब 10:15 बजे चांदी 6,827 रुपये यानी 2.79 फीसदी की तेजी के साथ 2,51,143 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। इससे निवेशकों और ज्वेलरी कारोबारियों के बीच हलचल तेज हो गई।
वहीं सोने की कीमत में भी जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। 5 जून डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,49,753 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार सुबह यह 1,52,000 रुपये पर खुला और शुरुआती कारोबार में 2,429 रुपये की तेजी के साथ 1,52,182 रुपये तक पहुंच गया।
सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी के रेट तेजी के साथ खुले। 24 कैरेट सोना करीब 2,130 रुपये महंगा होकर 1,51,310 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं 22 कैरेट सोना 1,38,700 रुपये और 18 कैरेट गोल्ड 1,13,480 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
चांदी ने भी नया रिकॉर्ड छूते हुए 10 हजार रुपये की तेजी के साथ 2,65,000 रुपये प्रति किलो का स्तर हासिल कर लिया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अस्थिरता और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की रणनीति से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिल रहा है।
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ और जयपुर समेत देश के कई बड़े शहरों में सोने के दाम में तेजी देखी गई। चेन्नई में 24 कैरेट सोना सबसे महंगा रहा, जहां इसकी कीमत 1,53,280 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव, होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की संभावित नीतियों का असर आने वाले दिनों में भी सोना-चांदी बाजार पर बना रह सकता है।
pooja