गुरुग्राम की लग्जरी सोसाइटी में भीषण आग, फायर सिस्टम फेल

गुरुग्राम के अनंत राज इस्टेट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में फ्लैट जल गया। फायर सेफ्टी सिस्टम फेल होने के आरोप लगे, परिवार ने भागकर जान बचाई।

गुरुग्राम की लग्जरी सोसाइटी में भीषण आग, फायर सिस्टम फेल
  • गुरुग्राम सेक्टर-63A की अनंत राज सोसाइटी में भीषण आग
  • फायर सेफ्टी सिस्टम फेल, एक्सपायर एक्सटिंग्विशर और खाली वाटर पंप
  • परिवार ने बच्चों को निकालकर जान बचाई, लाखों का नुकसान

गुरुग्राम के सेक्टर-63A स्थित अनंत राज इस्टेट की एक लग्जरी सोसाइटी में रविवार को बड़ा अग्निकांड सामने आया। ई-ब्लॉक के प्रथम तल पर स्थित फ्लैट नंबर E-27, जो कि अंकित सेठी का है, उसमें शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई।

शुरुआत में फ्लैट मालिक ने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हालात बिगड़ते देख उन्होंने पहले बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर पत्नी के साथ किसी तरह अपनी जान बचाई।

फ्लैट मालिक ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद सोसाइटी की मेंटिनेंस टीम को सूचना दी गई, लेकिन करीब 30 मिनट तक कोई सहायता नहीं मिली। इस दौरान आग तेजी से फैलती रही और हालात काबू से बाहर हो गए।

सबसे गंभीर लापरवाही फायर सेफ्टी को लेकर सामने आई। आग लगने के दौरान न तो MCB ट्रिप हुई और न ही सोसाइटी में लगे फायर एक्सटिंग्विशर काम आए। बताया गया कि कई अग्निशमन यंत्र 2018 में ही एक्सपायर हो चुके थे, जबकि वाटर पंप में पानी तक उपलब्ध नहीं था।

करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फ्लैट के अंदर रखा बेड, एसी, फ्रिज, पंखे, इन्वर्टर बैटरी सहित लगभग सभी कीमती सामान जलकर राख हो चुके थे।

राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार का विस्फोट नहीं हुआ और समय रहते फर्स्ट फ्लोर के अन्य फ्लैट खाली करा लिए गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद सोसाइटी के रेजिडेंट्स में भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने बिल्डर और मेंटिनेंस एजेंसी के खिलाफ हंगामा किया और फायर सेफ्टी सिस्टम की लापरवाही पर सवाल उठाए।

रेजिडेंट्स ने बिल्डर के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी है और नुकसान की भरपाई के साथ-साथ सोसाइटी में फायर फाइटिंग सिस्टम को तुरंत ठीक करने की मांग की है।