हिसार में झमाझम बारिश, सिरसा में ओले; 3 दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट
हरियाणा के हिसार में बारिश और सिरसा में ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
➤ हिसार में तेज बारिश और सिरसा में ओलावृष्टि, गर्मी से मिली राहत
➤ 15 जिलों में मौसम विभाग का यलो अलर्ट जारी
➤ अगले 3 दिन 40-50 KM/H की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार दोपहर बाद हिसार में झमाझम बारिश शुरू हो गई, जबकि सिरसा में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण हिसार के अर्बन एस्टेट क्षेत्र में पेड़ गाड़ियों पर गिर गए। कई स्थानों पर लोगों को वाहन सड़क किनारे रोकने पड़े।
लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से प्रदेश को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद सहित 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 23 जून तक प्रदेश का मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान बादल छाने, हवाओं की दिशा बदलने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है, जबकि राजस्थान और पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से 18 से 20 जून के बीच हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 22 और 23 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसके चलते कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
बारिश से पहले प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। भिवानी में सबसे अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबाला और रोहतक में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
दूसरी ओर नारनौल में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम रहा। हिसार और गुरुग्राम में भी रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली।मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
Akhil Mahajan