जंक फूड की क्रेविंग हो तो “ये हेल्दी विकल्प अपनाएं रखेंगे आपकी सेहत फिट

पिज्जा, बर्गर, चॉकलेट और आइसक्रीम की क्रेविंग होने पर कौन से हेल्दी विकल्प चुनें? जानिए विशेषज्ञों द्वारा बताए गए आसान और पौष्टिक विकल्प।

जंक फूड की क्रेविंग हो तो “ये हेल्दी विकल्प अपनाएं रखेंगे आपकी सेहत फिट

जंक फूड की क्रेविंग को हेल्दी विकल्पों से किया जा सकता है कंट्रोल

पिज्जा, बर्गर, आइसक्रीम और चॉकलेट के पौष्टिक विकल्प मौजूद

सही डाइट और लाइफस्टाइल से फिटनेस के साथ स्वाद भी बरकरार रहेगा

आजकल युवाओं में जंक फूड खाने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। पिज्जा, बर्गर, फ्राइज, चॉकलेट और आइसक्रीम जैसी चीजें लोगों की पहली पसंद बनती जा रही हैं। हालांकि इसके साथ ही फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर भी जागरूकता बढ़ी है। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती स्वाद और सेहत के बीच संतुलन बनाए रखने की होती है।

विशेषज्ञों के अनुसार कई बार तनाव, थकान या शाम के समय लोगों को अचानक कुछ खास चीजें खाने की तीव्र इच्छा होती है। इसे फूड क्रेविंग कहा जाता है। यदि बार-बार हाई कैलोरी और प्रोसेस्ड फूड का सेवन किया जाए तो वजन बढ़ने, पाचन संबंधी समस्याओं और पोषण असंतुलन जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि क्रेविंग को पूरी तरह दबाने के बजाय उसके हेल्दी विकल्प अपनाना बेहतर तरीका है। इससे स्वाद भी मिलता है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी प्राप्त होते हैं।

यदि आपको गोलगप्पे खाने की इच्छा हो रही है तो स्प्राउट्स चाट, घर की बनी बेक्ड पानी पूरी या खीरा-टमाटर सलाद बेहतर विकल्प हो सकते हैं। ये पेट के लिए भी हल्के होते हैं और पोषण से भरपूर होते हैं।

आइसक्रीम की क्रेविंग होने पर फ्रोजन योगर्ट, केले से बनी नेचुरल आइसक्रीम, फ्रूट सलाद और चिया सीड पुडिंग का सेवन किया जा सकता है। इनमें शुगर कम और पोषक तत्व अधिक होते हैं।

अगर आपको चॉकलेट खाने की इच्छा हो तो 70 प्रतिशत या उससे अधिक कोको वाली डार्क चॉकलेट बेहतर विकल्प है। इसके अलावा कोको स्मूदी, नट्स और ड्राई फ्रूट्स या मूंगफली की चिक्की भी खाई जा सकती है।

फ्रेंच फ्राइज की जगह बेक्ड स्वीट पोटैटो, रोस्टेड मखाना और भुना चना हेल्दी स्नैक साबित हो सकते हैं। इनमें फाइबर और पोषण अधिक होता है जबकि अतिरिक्त तेल की मात्रा कम रहती है।

वहीं पिज्जा पसंद करने वालों के लिए होल व्हीट बेस पिज्जा और ओट्स पिज्जा बेहतर विकल्प हैं। कई विशेषज्ञ इसकी जगह डोसा खाने की भी सलाह देते हैं, जो अपेक्षाकृत अधिक पौष्टिक माना जाता है।

अगर बर्गर खाने का मन हो तो स्प्राउट्स और ताजी सब्जियों से बना सैंडविच अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए मल्टीग्रेन या मिलेट्स ब्रेड का इस्तेमाल करना अधिक फायदेमंद माना जाता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार क्रेविंग को कंट्रोल करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन लेना, मीठे की जगह फल खाना, अच्छी नींद लेना और तनाव को कम करना बेहद जरूरी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि क्रेविंग को दबाने के बजाय उसे स्मार्ट तरीके से मैनेज करना सबसे बेहतर उपाय है। सही विकल्प चुनकर लोग स्वाद का आनंद भी ले सकते हैं और अपनी सेहत भी बेहतर बनाए रख सकते हैं।