तेज गर्मी और लू से बचने के लिए एम्स ने दी जरूरी सलाह
एम्स की डाइटीशियन ने तेज गर्मी और हीटस्ट्रोक से बचने के लिए दही, छाछ, नारियल पानी और पानी वाले फलों के सेवन की सलाह दी है।
तेज गर्मी और लू से बचने के लिए खान-पान में बदलाव बेहद जरूरी
■ एम्स की डाइटीशियन ने दही, छाछ और पानी वाले फलों को बताया फायदेमंद
■ तला-भुना और मसालेदार खाना बढ़ा सकता है हीटस्ट्रोक का खतरा
देशभर में बढ़ती भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में हीटस्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी जैसी समस्याओं का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में सिर्फ ज्यादा पानी पीना ही काफी नहीं होता, बल्कि सही खान-पान और दिनचर्या अपनाना भी बेहद जरूरी है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को इस मौसम में अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, अत्यधिक गर्मी हर साल हजारों लोगों की जान लेती है। डॉक्टरों का कहना है कि भीषण गर्मी में लापरवाही बरतने से हीटस्ट्रोक, किडनी संबंधी समस्याएं और गंभीर डिहाइड्रेशन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
एम्स की चीफ डाइटीशियन डॉ. प्रमीत कौर ने गर्मियों में शरीर को सुरक्षित रखने के लिए कई जरूरी सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन दिनों हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन करना चाहिए। ज्यादा मसालेदार, तैलीय और बाहर का खाना शरीर में गर्मी बढ़ाता है।
डॉ. प्रमीत कौर के अनुसार, दही और छाछ गर्मियों में बेहद फायदेमंद होते हैं। इनकी तासीर ठंडी होती है और इनमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन को बेहतर बनाए रखते हैं। इसके अलावा पुदीने की चटनी और बेल का शरबत भी शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करते हैं।
उन्होंने सलाह दी कि बहुत ज्यादा मीठी, नमकीन और ऑयली चीजों से बचना चाहिए, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती हैं। डिहाइड्रेशन से बचने के लिए घर पर बना ओआरएस भी काफी फायदेमंद हो सकता है।
घर पर ORS बनाने के लिए 1 लीटर पानी में 6 चम्मच चीनी और आधा चम्मच नमक मिलाने की सलाह दी गई है। यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में ऐसे फल और खाद्य पदार्थ ज्यादा खाने चाहिए जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो। तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे फल शरीर को हाइड्रेट रखने और तापमान नियंत्रित करने में मददगार माने जाते हैं।
इसके अलावा नारियल पानी भी गर्मियों में बेहद लाभकारी माना गया है। इसमें पोटैशियम और सोडियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो पसीने के साथ शरीर से निकलने वाले मिनरल्स की भरपाई करते हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, ढीले और हल्के कपड़े पहनने तथा शरीर को लगातार हाइड्रेट रखने की सलाह दी है।
pooja