Video: कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके की प्रदर्शन के दौरान धुनाई, युवकों ने मारे थप्‍पड़

जयपुर में प्रदर्शन के दौरान CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को दो युवकों ने थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद समर्थकों और युवकों के बीच मारपीट हो गई।

Video: कॉकरोच जनता पार्टी  के फाउंडर अभिजीत दीपके  की प्रदर्शन के दौरान धुनाई, युवकों ने मारे थप्‍पड़
  • प्रदर्शन के दौरान CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को युवकों ने मारे थप्पड़
  • हमले के बाद समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़कर पीटा
  • शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा था प्रदर्शन

जयपुर में सोमवार को आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके पर दो युवकों ने हमला कर दिया। घटना के दौरान मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

जानकारी के अनुसार अभिजीत दीपके नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

हमलावर युवकों को भीड़ ने अभिजीत समर्थकों ने पकड़ लिया और पीट दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अभिजीत दीपके को उनके समर्थक कंधों पर बैठाकर भीड़ के बीच ले जा रहे थे। इसी दौरान दो युवक अचानक उनके करीब पहुंचे और कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मार दिए। घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ क्षणों के लिए वहां मौजूद लोग भी समझ नहीं पाए।

हमले के तुरंत बाद अभिजीत के समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। समर्थकों ने कथित हमलावरों की पिटाई कर दी, जिसके चलते प्रदर्शन स्थल पर तनाव का माहौल बन गया।

भीड़ के बीच समर्थक CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके को कंधे पर बैठाकर ले जा रहे थे। इसी दौरान युवकों ने हमला किया।

घटना के बाद अभिजीत दीपके ने मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर एकजुट रहने की अपील की।

अभिजीत ने यह भी घोषणा की कि आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में फिर से बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने समर्थकों के साथ कई नारे लगाए और आंदोलन को जारी रखने का संदेश दिया।

जयपुर में शहीद स्मारक पर प्रदर्शन में पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को 2 युवकों ने थप्पड़ मार दिए।

प्रदर्शन के दौरान एक और विवाद उस समय सामने आया जब कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर बहस हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और एक युवक को हिरासत में लिया गया।

इसी बीच कई प्रदर्शनकारियों ने अपने मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत भी की। मंच से बार-बार लोगों को अपने मोबाइल और निजी सामान की सुरक्षा करने की अपील की जाती रही।

प्रदर्शन में शामिल युवा हाथों में तिरंगा और विभिन्न मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर पहुंचे थे। पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।