पलवल में बेटी की कॉल पर पहुंची पुलिस से भिड़ा पिता, SPO को थप्पड़ मारने का VIDEO आया सामने

पलवल में बेटी की शिकायत पर पहुंची पुलिस से पिता भिड़ गया। SPO से मारपीट और वर्दी फाड़ने का आरोप है, जबकि परिवार ने थाने में पिटाई का आरोप लगाया।

पलवल में बेटी की कॉल पर पहुंची पुलिस से भिड़ा पिता, SPO को थप्पड़ मारने का VIDEO आया सामने

➤ शराब के नशे में हंगामे की सूचना पर घर पहुंची थी ERV टीम
➤ SPO से मारपीट और वर्दी फाड़ने का पुलिस ने लगाया आरोप
➤ परिवार ने थाने में पीटने का आरोप लगाकर निष्पक्ष जांच मांगी


पलवल। हरियाणा के पलवल में शराब पीकर घर में हंगामा कर रहे एक व्यक्ति की शिकायत उसकी बेटी ने पुलिस से की, जिसके बाद मौके पर पहुंची ERV टीम और व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात चांदहट थाना क्षेत्र में प्रीति नाम की युवती ने ERV-501 पर तैनात पुलिस टीम को कॉल कर बताया था कि उसके पिता सुखबीर शराब के नशे में घर पर झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुखबीर को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि वह शांत होने के बजाय पुलिसकर्मियों से ही गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। पुलिस का कहना है कि इस दौरान SPO हरकेश शर्मा के साथ मारपीट की गई और उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस कर्मचारी और सुखबीर एक-दूसरे को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। बाद में पुलिस ने सुखबीर को काबू कर लिया।

पुलिस कर्मचारी और व्यक्ति के बीच हुई मारपीट।

बेटी की शिकायत पर मौके पर पहुंची थी पुलिस

चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी के अनुसार, यह मामला 28 सितंबर की रात का है। ERV-501 पर तैनात पुलिस टीम को प्रीति ने फोन कर अपने पिता सुखबीर के शराब के नशे में घर पर झगड़ा करने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने सुखबीर को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद उसने SPO हरकेश शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी वर्दी फाड़ने और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने का भी आरोप है।

पुलिस कर्मचारी और सुखबीर के बीच हुई मारपीट

मामला बढ़ने के बाद मौके पर हंगामा हो गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सुखबीर को काबू किया। इस दौरान पुलिस कर्मचारी और सुखबीर के बीच हुई मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दोनों एक-दूसरे को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य वीडियो में पुलिस कर्मचारी व्यक्ति को थप्पड़ मारकर अपने साथ ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।

घटना के बाद सुखबीर और SPO हरकेश शर्मा दोनों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट में सुखबीर के मुंह से शराब की गंध आने की बात दर्ज की गई है।

परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सुखबीर को थाने लेकर पीटा।

पुलिस ने सरकारी काम में बाधा समेत धाराओं में केस दर्ज किया

पुलिस के मुताबिक, सुखबीर के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस कार्रवाई के तहत आरोपी को काबू किया गया है।

वहीं, आरोपी के साथ मौके पर पहुंची ERV टीम में शामिल SPO का भी एल्कोहल टेस्ट कराया गया है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिवार ने पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप

दूसरी ओर, सुखबीर के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। सुखबीर के बेटे मनोज और बेटी प्रीति ने पुलिस के आरोपों को गलत बताया है। परिवार का कहना है कि सुखबीर ने शराब पी हुई थी और इसी वजह से घर में विवाद हो रहा था। इसी स्थिति में प्रीति ने पुलिस को मदद के लिए फोन किया था।

परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके पिता को समझाने के बजाय उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार के मुताबिक, पुलिसकर्मी सुखबीर को अपने साथ थाने ले गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की गई।

थाने से घर लाने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया

सुखबीर के बेटे मनोज का आरोप है कि रात में वह अपने पिता को थाने से घर लेकर आया था। इसके बाद उनकी हालत खराब होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार का कहना है कि मारपीट के कारण सुखबीर ठीक से चल भी नहीं पा रहे हैं।

मनोज ने पुलिस पर झूठा मामला दर्ज करने का भी आरोप लगाया है। परिवार का सवाल है कि जब उन्होंने खुद मदद के लिए पुलिस को फोन किया था तो पुलिस कर्मचारियों ने उनके पिता के साथ मारपीट क्यों की।

परिवार ने इस पूरे मामले को लेकर SP पलवल को शिकायत दी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस मामले में एक तरफ पुलिस ने सुखबीर पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया है, जबकि दूसरी तरफ परिवार ने पुलिस पर थाने में मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।