हरियाणा में यूट्यूबरों ने महिला को जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप, पुलिस में मामला दर्ज

पानीपत में चार यूट्यूबरों ने एक महिला का किडनैप कर जंगल में गैंगरेप किया। घटना में एक महिला यूट्यूबर भी शामिल थी। पीड़िता की शिकायत पर सदर थाने में FIR दर्ज की गई।

हरियाणा में यूट्यूबरों ने  महिला को जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप, पुलिस में मामला दर्ज


➤पानीपत में महिला का किडनैप और गैंगरेप चार यूट्यूबरों ने किया
➤एक महिला यूट्यूबर ने साथी युवकों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया
➤पीड़िता की शिकायत पर सदर थाने में FIR दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होने की संभावना


 हरियाणा के पानीपत जिले में एक महिला के साथ बर्बर घटना सामने आई है। पीड़िता के अनुसार, उसे चार यूट्यूबरों ने मिलकर किडनैप किया और जंगल में ले जाकर गैंगरेप किया। इस घटना में एक महिला यूट्यूबर भी शामिल थी, जिसने पीड़िता पर गलत धंधा करने का आरोप लगाया और साथी युवकों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला।

महिला को रिफाइनरी रोड स्थित इसी जंगल में ले जाकर गैंगरेप किया गया।

महिला ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन दिन पहले वह रिफाइनरी रोड स्थित जंगल से लकड़ी लेने गई थी। वहां उसकी मुलाकात किरण नाम की महिला यूट्यूबर से हुई, जो खुद को मीडिया से जुड़े होने की बात कहती रही । इसके साथ तीन पुरुष आरोपी अमन, अश्वनी और मास्टर संदीप भी थे। चारों आरोपी करनाल नंबर की गाड़ी में सवार थे।

जंगल में जिस जगह पर गैंगरेप हुआ, वहां जांच-पड़ताल के लिए पहुंची पुलिस।

महिला ने कहा कि उसने संबंध बनाने से इनकार किया तो चारों आरोपी ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और जंगल ले गए। वहां तीनों युवकों ने बारी-बारी से उसका बलात्कार किया। घटना के दौरान महिला यूट्यूबर किरण हाथ में डंडा लेकर कुछ दूरी पर पहरा दे रही थी। पीड़िता ने बताया कि उसे मना करने पर पीटा गया और इस दौरान गैंगरेप का वीडियो भी बनाया गया

गैंगरेप के बाद आरोपियों ने ब्लैकमेल किया। महिला को धमकी दी गई कि अगर उसने किसी को बताया या शिकायत की तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा और जान से मारने की भी धमकी दी गई। घटना के दौरान जंगल में लकड़ी लेने कुछ अन्य महिलाएं पहुंच गईं, जिससे आरोपी भाग खड़े हुए।

सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलजीत ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 70(1), 140(3), 61(2) और 351(3) के तहत FIR दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले की पूरी जांच जारी है।