प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या कीर्तन में ले जाकर रची साजिश, 42KM दूर फेंका शव

पूर्णिया में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव 42 किलोमीटर दूर फेंक दिया। बाद में खुद थाने पहुंचकर जुर्म कबूल किया।

प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या कीर्तन में ले जाकर रची साजिश, 42KM दूर फेंका शव

पति को कीर्तन में ले गई, प्रेमी संग रची साजिश
हत्या के बाद शव बोरे में भर 42KM दूर फेंका
खुद थाने पहुंचकर बोली- मुझे गिरफ्तार कर लीजिए


बिहार के पूर्णिया जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रच डाली और वारदात के बाद खुद थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय सुनीता देवी ने अपने बॉयफ्रेंड पवन कुमार और उसके पिता के साथ मिलकर 31 मार्च की रात अपने पति उमेश कुमार सिंह की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर करीब 42 किलोमीटर दूर अमौर इलाके में फेंक दिया गया।

मृतक उमेश कुमार सिंह (47) कसबा थाना क्षेत्र के राधानगर निवासी थे। उनकी शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से पति-पत्नी के संबंध ठीक नहीं थे। इसी दौरान सुनीता की नजदीकियां उमेश के दोस्त पवन कुमार से बढ़ीं और दोनों के बीच करीब तीन साल से संबंध चल रहे थे।घटना से पहले दोनों के रिश्ते में तनाव और बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले हुए झगड़े के बाद सुनीता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत वह पति को गांव में चल रहे कीर्तन में ले गई, ताकि घर खाली रहे। इसी दौरान प्रेमी और उसके पिता को घर बुलाया गया और मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया।हत्या के बाद पत्नी थाने पहुंची और पुलिस से कहा- मैंने मर्डर किया है, गिरफ्तारी कीजिए।

हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर शव को बोरे में भरा और ऑटो के जरिए दूर ले जाकर फेंक दिया। अगले दिन जब घर में खून के निशान दिखे तो मामला सामने आया। इसी बीच आरोपी महिला खुद थाने पहुंच गई और पुलिस से कहा कि उसने अपने पति की हत्या की है और उसे गिरफ्तार कर लिया जाए।पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला, उसके प्रेमी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से हथियार भी बरामद किया गया है और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में यह मामला पूरी तरह से प्लान किया गया अपराध बताया जा रहा है। पुलिस अब इस केस में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।यह घटना न केवल रिश्तों में बढ़ते तनाव बल्कि विश्वासघात और अपराध की भयावह परिणति को भी उजागर करती है।