डबल मर्डर: बेटे ने मां और प्रेमी को दी दर्दनाक मौत
सिरसा के गांव सिकंदरपुर में बेटे ने मां और उसके प्रेमी की चुन्नी से हत्या कर दी। अवैध संबंधों के विवाद में वारदात अंजाम दी। शव कार में रखकर थाने पहुंचा आरोपी।
- सिरसा में बेटे ने मां और उसके प्रेमी की हत्या की
- 15 साल से चल रहे अवैध संबंधों पर घर में तनाव
- शव कार में रखकर खुद थाने पहुंचा आरोपी राजकुमार
हरियाणा के सिरसा जिले के गांव सिकंदरपुर में शुक्रवार देर रात डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक बेटे ने अपनी मां और उसके प्रेमी की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बेटा मां के शव को गाड़ी में रखकर थाने पहुंचा, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब महिला अंगूरी देवी (55) के घर उसके पड़ोसी लेखराज मिलने आया था। उसी दौरान बेटे राजकुमार को इसकी जानकारी लग गई। जैसे ही उसने दोनों को साथ देखा, उसका आपा खो गया और गुस्से में उसने मां और प्रेमी दोनों का गला दबाकर खत्म कर दिया।
परिवार के अनुसार, अंगूरी देवी के पड़ोसी लेखराज के साथ 15 साल से अवैध संबंध थे। मृतका की मां सुगरी ने बताया कि परिवार ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन अंगूरी ने रिश्ता खत्म करने से इनकार कर दिया और कहा— “मैं लेखराज के बिना नहीं रह सकती।” लंबे समय से घर में विवाद चल रहा था।
घटना के समय घर में राजकुमार की बहन और उसके बच्चे मौजूद थे। पड़ोसियों का कहना है कि रात में किसी ने कोई आवाज नहीं सुनी और सुबह घटना का पता चला। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी राजकुमार पिकअप वाहन चालक है और घर में माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसका और लेखराज का मकान आमने-सामने है। विवाद पिछले कई दिनों से बढ़ता जा रहा था।
Author1