सरकारी नौकरी का झांसा देकर युवती से गैंगरेप, वीडियो वायरल करने की धमकी

सोनीपत के बहालगढ़ के होटल में दो युवकों ने सरकारी नौकरी का झांसा देकर युवती से गैंगरेप किया। वीडियो वायरल करने की धमकी दी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सरकारी नौकरी का झांसा देकर युवती से गैंगरेप, वीडियो वायरल करने की धमकी

• सरकारी नौकरी का झांसा देकर युवती से गैंगरेप की वारदात
• बहालगढ़ के होटल में दो युवकों ने बनाया हवस का शिकार
• वीडियो वायरल करने की धमकी, पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया


सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बहालगढ़ थाना क्षेत्र के एक होटल में रोहतक की युवती के साथ गैंगरेप की वारदात हुई। आरोप है कि दो युवकों ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवती को बुलाया और होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे बदनाम करने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।

मूल रूप से रोहतक की रहने वाली पीड़िता फिलहाल सोनीपत की एक कॉलोनी में रहती है। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया पर रिषभ नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद दोस्ताना संबंध बन गए।

पीड़िता के अनुसार, उसने 7 अगस्त को रेलवे भर्ती परीक्षा दी थी। जब रिषभ को इसकी जानकारी मिली तो उसने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति को जानता है जो सरकारी नौकरी में मदद कर सकता है। इसी बहाने उसने उसे मुरथल बुलाया। रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह मुरथल फ्लाईओवर पर पहुंची, तो रिषभ अपने दोस्त गौरव के साथ कार में आया और दोनों ने उसे बहालगढ़ के एक होटल में ले गए।

होटल में दोनों युवकों ने कहा कि उनका परिचित वहीं मिलेगा। वहां उन्होंने किसी तरह की एंट्री दर्ज नहीं कराई और कहा कि होटल वाला उनका जानकार है। पीड़िता ने बताया कि होटल में उसे एक शीतल पेय पिलाया गया, जिसे पीने के बाद वह असहज महसूस करने लगी। इसके बाद दोनों ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो बना ली।

विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे और जान से मार देंगे। डर के कारण युवती ने तुरंत एक परिचित को अपनी लोकेशन व्हाट्सएप पर भेजी। उसकी दोस्त मौके पर पहुंची और उसे थाने लेकर गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और होटल से भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।