बलदेव ग्रोहा बने हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के चेयरमैन
फतेहाबाद के भाजपा नेता बलदेव सिंह ग्रोहा को हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह भाजपा के दो बार जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।
फतेहाबाद के बलदेव सिंह ग्रोहा को हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का चेयरमैन बनाया गया
भाजपा में लंबे समय से सक्रिय, दो बार जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं
रतिया क्षेत्र को मिला तीसरा चेयरमैन, सरकार में बढ़ी क्षेत्र की राजनीतिक भागीदारी

हरियाणा सरकार ने फतेहाबाद जिले के रतिया निवासी बलदेव सिंह ग्रोहा को हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का चेयरमैन नियुक्त किया है। सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। उनकी नियुक्ति को भाजपा संगठन में लंबे समय से किए गए कार्य और सक्रिय राजनीतिक योगदान का सम्मान माना जा रहा है।
बलदेव सिंह ग्रोहा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने पार्टी संगठन में विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्ष 2020 से पहले वह भाजपा के जिला महामंत्री के पद पर कार्यरत रहे। इसके बाद पार्टी ने उन्हें फतेहाबाद भाजपा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया।
उन्होंने लगातार दो कार्यकाल तक जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। जनवरी 2024 में पार्टी नेतृत्व ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया था। जिले में उन्हें भाजपा के प्रमुख पगड़ीधारी चेहरे के रूप में भी पहचान मिली हुई है।
बलदेव ग्रोहा को पार्टी द्वारा आत्मनिर्भर भारत अभियान का लोकसभा संयोजक भी नियुक्त किया गया था। संगठनात्मक स्तर पर उनकी सक्रियता और कार्यशैली के चलते वह लंबे समय से पार्टी के महत्वपूर्ण नेताओं में शामिल रहे हैं।
वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में बलदेव ग्रोहा रतिया विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। उस समय वह जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे। हालांकि पार्टी ने पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को उम्मीदवार बनाया था। बाद में चुनाव में सुनीता दुग्गल को हार का सामना करना पड़ा।
बलदेव ग्रोहा मंडल स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनकी नियुक्ति को अनुसूचित जाति वर्ग के सशक्तिकरण और संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के तौर पर भी देखा जा रहा है।
बलदेव ग्रोहा के चेयरमैन बनने के साथ ही रतिया क्षेत्र को सरकार में तीसरी चेयरमैनी मिली है। इससे पहले हरकोफैड के चेयरमैन वेद फूलां और अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन प्रो. रविंद्र बलियाला भी सरकार में चेयरमैन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अब बलदेव ग्रोहा की नियुक्ति के बाद रतिया क्षेत्र की सरकार में भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़े हैं। क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल है।
pooja