पति के दोस्त पर रे*प और ब्लैकमेलिंग का आरोप, डेढ़ साल तक महिला का शोषण

यमुनानगर में एक महिला ने पति के दोस्त पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। पुलिस ने केस दर्ज किया।

पति के दोस्त पर रे*प और ब्लैकमेलिंग का आरोप, डेढ़ साल तक महिला का शोषण

पति के दोस्त पर नशीला पदार्थ पिलाकर रेप करने का आरोप

अश्लील वीडियो बनाकर करीब डेढ़ साल तक करता रहा ब्लैकमेल

सच्चाई बताने पर पति ने महिला को बच्चों सहित घर से निकाला

यमुनानगर में एक महिला ने अपने पति के दोस्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी ने पति से दोस्ती का फायदा उठाकर उसे नशीला पदार्थ पिलाया, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार आरोपी विकास कांबोज का उनके परिवार में आना-जाना था। उसकी महिला के पति से भी अच्छी मित्रता थी, जिसके चलते वह अक्सर घर आता रहता था। महिला ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले आरोपी कोल्ड ड्रिंक लेकर उनके घर पहुंचा था। उस समय वह घर में अकेली थी।

महिला का कहना है कि कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ समय बाद उसे चक्कर आने लगे और वह अचेत जैसी स्थिति में पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली।

पीड़िता ने बताया कि होश आने पर जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद वह लगातार उस पर दबाव बनाता रहा और कथित तौर पर शादी करने तथा पति से तलाक लेने के लिए कहता रहा।

महिला का आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा। इसी डर और मानसिक दबाव के चलते आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक वह लंबे समय तक मानसिक प्रताड़ना झेलती रही।

आखिरकार जब उसने पूरी घटना अपने पति को बताई तो परिवार में विवाद बढ़ गया। महिला का कहना है कि उसके पति ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार महिला पर मिलने का दबाव बनाता रहा।

महिला के अनुसार एक दिन पति ने उसे आरोपी के साथ देख लिया, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने महिला को बच्चों सहित घर से निकाल दिया। तब से वह किराए के मकान में रहने को मजबूर है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी अब भी उसके मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो भेजकर परेशान कर रहा है और विभिन्न प्रकार की धमकियां दे रहा है। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।