ट्रक हादसे में 3 की मौ*त, 50 लाख की खेप बरामद,केलों के नीचे 8 क्विंटल डोडापोस्त
कैथल में राजस्थान नंबर के डोडापोस्त से भरे ट्रक ने खराब खड़े ट्रक को टक्कर मारी। हादसे में तीन लोगों की मौत और 8 क्विंटल नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
कैथल में राजस्थान नंबर के ट्रक ने खराब खड़े ट्रक को मारी जोरदार टक्कर
➤ केलों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 8 क्विंटल डोडापोस्त, कीमत करीब 50 लाख
➤ हादसे में दोनों ट्रकों के ड्राइवर और मैकेनिक की मौके पर मौत, हेल्पर घायल
कैथल में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद ड्रग तस्करी का खुलासा हुआ है। खरक पांडवा गांव के पास तेज रफ्तार राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने सड़क किनारे खराब खड़े HR नंबर के ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों को भारी नुकसान हुआ और केलों के साथ नशीले पदार्थ के कट्टे सड़क पर बिखर गए।
जिस ट्रक ने टक्कर मारी, उसमें केलों के बीच छिपाकर 40 कट्टों में करीब 8 क्विंटल डोडापोस्त ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, बरामद डोडापोस्त की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों के ड्राइवर और ट्रक ठीक करने पहुंचे मैकेनिक रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक हेल्पर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना मिलने के बाद कलायत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को नागरिक अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
जम्मू हाईवे पर खराब हो गया था ट्रक, सड़क किनारे खड़ा किया
गुरुवार देर रात दिल्ली से कैथल की ओर आ रहा एक ट्रक जम्मू नेशनल हाईवे पर खराब हो गया था। इसके बाद ड्राइवर ने खरक पांडवा के पास ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ट्रक को ठीक कराने के लिए ड्राइवर अनिल ने स्थानीय मैकेनिक रामनिवास को फोन कर मौके पर बुलाया।
रामनिवास के पहुंचने के बाद ड्राइवर और मैकेनिक ट्रक को ठीक करने में जुट गए। दोनों ट्रक के नीचे घुसकर खराबी दूर करने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, ट्रक का हेल्पर कुछ अन्य काम के लिए उनसे दूर खड़ा था।
इसी दौरान जम्मू की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा राजस्थान नंबर का ट्रक वहां पहुंचा। केलों से भरे इस ट्रक में डोडापोस्त भी छिपाकर रखा गया था। ट्रक ने सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
टक्कर के बाद सड़क पर बिखर गए केले और डोडापोस्त के कट्टे
हादसे के बाद सड़क पर जगह-जगह केले और डोडापोस्त के कट्टे बिखर गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कलायत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
हादसे में दोनों ट्रकों के ड्राइवर और मैकेनिक रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया और मॉर्च्यूरी में रखवा दिया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से बरामद डोडापोस्त को कब्जे में ले लिया।
परिवार में अकेले कमाने वाले थे मृतक अनिल और रामनिवास
हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक ड्राइवर अनिल कुमार जींद के उचाना के रहने वाले थे। उनके चाचा कुलदीप ने बताया कि ट्रक अनिल का ही था। अनिल के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनकी मौत के बाद परिवार का सहारा छिन गया।
वहीं, हादसे में मारे गए मैकेनिक रामनिवास खरक पांडवा के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक रामनिवास भी परिवार में अकेले कमाने वाले थे। हादसे ने उनके परिवार के सामने भी बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।
केलों के बीच छिपाकर रखा था 8 क्विंटल डोडापोस्त
हादसे के बाद पुलिस ने जब राजस्थान नंबर के ट्रक की जांच की तो उसमें केलों के बीच छिपाकर रखा गया नशीला पदार्थ बरामद हुआ। कलायत थाना के जांच अधिकारी ASI विक्रम सिंह ने बताया कि ट्रक से करीब 40 कट्टों में 8 क्विंटल डोडा-पोस्त बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, डोडापोस्त को केलों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। हादसे के कारण ट्रक की तलाशी के दौरान इस पूरी तस्करी का खुलासा हुआ।
डोडापोस्त कहां से आया और कहां पहुंचाया जाना था, पुलिस कर रही जांच
ASI विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे की जांच के साथ पुलिस अब डोडापोस्त की तस्करी से जुड़े पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Akhil Mahajan