हरियाणा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, तीन आरोपियों के पैर में लगी गोली

कैथल में होटल लूटकर भाग रहे चार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

हरियाणा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, तीन आरोपियों के पैर में लगी गोली

कैथल में होटल लूटकर भाग रहे चार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई

दो स्थानों पर हुई फायरिंग में तीन बदमाशों की टांगों में गोली लगी

एक आरोपी फरार, पुलिस ने घेराबंदी कर तलाश शुरू की


हरियाणा के कैथल जिले में शनिवार अल सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चार बदमाश एक होटल में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो रहे थे। पुलिस ने पीछा करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर उनकी घेराबंदी की, जहां दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने देर रात एक होटल में हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद आरोपी शहर की ओर भाग निकले। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्होंने एक व्यक्ति से स्कूटी और 50 हजार रुपये भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सीआईए कलायत और एवीटी कैथल की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दो स्थानों पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ में तीन बदमाशों की टांगों में गोली लगी, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल बदमाशों को पुलिस की निगरानी में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान जींद जिले के खांडा गांव निवासी अंकित, गोलू और निरंजन के रूप में हुई है। चौथे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी क्राइम और डीएसपी हेडक्वार्टर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।