बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सके पिता, दोनों की हार्ट अटैक से मौत

Karnal, Father Son Death, Heart Attack, Haryana News, Karnal News, Emotional Story, Indri News, Breaking News, CityTehlka, Latest Update

बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सके पिता, दोनों की हार्ट अटैक से मौत
  • बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सके पिता
  • कुछ घंटों के अंतराल में पिता-पुत्र दोनों की हार्ट अटैक से मौत
  • एक साथ उठी दोनों की अर्थी, गांव की आंखें हुईं नम

हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के छपरियो गांव में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गांव में पिता और पुत्र की कुछ घंटों के अंतराल में मौत हो गई। पहले बेटे की अचानक हार्ट अटैक से जान चली गई और उसके बाद बेटे की मौत का सदमा सहन न कर पाने पर पिता ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, छपरियो गांव निवासी 47 वर्षीय संकेत दहिया लाडवा में कीटनाशक दवाओं की दुकान चलाते थे। वीरवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपनी दुकान पर पहुंचे थे और सामान उतरवाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

संकेत दहिया के निधन की सूचना जैसे ही उनके 70 वर्षीय पिता धर्म सिंह तक पहुंची, उनकी तबीयत बिगड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार, बेटे की असमय मौत का सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर सके। उन्हें भी तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। पिता और पुत्र की मौत के बीच महज कुछ घंटों का अंतर रहा।

शुक्रवार को गांव में पिता धर्म सिंह और बेटे संकेत दहिया की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई। गांव के लोगों की भारी भीड़ इस अंतिम यात्रा में शामिल हुई। अंतिम संस्कार के दौरान संकेत के छोटे भाई विपिन ने अपने पिता और भाई दोनों को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, संकेत दहिया की माता का पहले ही निधन हो चुका था। अब संकेत अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बेटी बीटेक की पढ़ाई कर रही है, जबकि 12 वर्षीय बेटा सातवीं कक्षा का छात्र है। वहीं धर्म सिंह परिवार के बड़े सहारा थे और इंद्री में आढ़त का कारोबार करते थे।

एक ही परिवार के दो प्रमुख सदस्यों की एक साथ मौत से छपरियो गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और हर व्यक्ति परिवार के दुख में सहभागी बन रहा है।