₹3 हजार की रिश्वत लेते जिलेदार गिरफ्तार, एसीबी ने ट्रैप लगाकर मौके से दबोचा
हिसार में एसीबी ने ₹3 हजार रिश्वत लेते जिलेदार राजेश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कृषि भूमि की कॉलोनी के लिए COO बनाने के बदले रकम मांगी थी।
➤ ₹3 हजार की रिश्वत लेते जिलेदार राजेश कुमार रंगे हाथ गिरफ्तार
➤ कृषि भूमि की कॉलोनी के लिए सिंचाई व्यवस्था संबंधी COO बनाने के बदले मांगी थी रकम
➤ शिकायत सत्यापित होने के बाद ACB ने ट्रैप लगाकर मौके से रिश्वत की रकम बरामद की
हिसार। राजगढ़-चंडीगढ़ हाईवे के पास कृषि भूमि की कॉलोनी के लिए नहर के पानी की सिंचाई व्यवस्था से संबंधित COO तैयार करने के बदले ₹3 हजार की रिश्वत लेते जल सेवाएं मंडल, हिसार के जिलेदार राजेश कुमार को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की उपकेंद्र हांसी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की और शिकायतकर्ता से रकम लेते ही आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि कृषि भूमि की कॉलोनी के लिए नहर के पानी की सिंचाई व्यवस्था से संबंधित COO तैयार कराने के बदले जिलेदार राजेश कुमार उससे ₹3 हजार की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने मामले में लगाए गए आरोपों का पहले सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना तैयार की गई।
योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास भेजा गया। इस दौरान स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जैसे ही राजेश कुमार ने शिकायतकर्ता से ₹3 हजार लिए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई।
एसीबी की कार्रवाई के बाद आरोपी जिलेदार राजेश कुमार के खिलाफ 24 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार में केस दर्ज किया गया है। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
Akhil Mahajan