सोना-चांदी फिर हुए महंगे, खरीदारी से पहले जान लें आज के ताजा रेट
सोना और चांदी की कीमतों में आज फिर तेजी दर्ज की गई है। खरीदारी से पहले दिल्ली, मुंबई, लखनऊ समेत प्रमुख शहरों के ताजा गोल्ड और सिल्वर रेट जान लें।
सोने और चांदी की कीमतों में आज फिर दर्ज हुई तेजी
दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंचा
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और बढ़ती मांग से बढ़ रहे हैं दाम
अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो पहले आज के ताजा रेट जान लेना जरूरी है। घरेलू सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत रुख और निवेशकों की बढ़ती खरीदारी के चलते कीमती धातुओं के भाव ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने का भाव 1,45,790 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं 22 कैरेट सोना 1,33,650 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,09,380 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
मुंबई, कोलकाता, पुणे, हैदराबाद और बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 1,45,640 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं चेन्नई में यह कीमत सबसे अधिक 1,47,280 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और कानपुर में 24 कैरेट सोने का भाव 1,45,790 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं पटना, इंदौर, अहमदाबाद और सूरत में यह कीमत 1,45,690 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
चांदी की बात करें तो दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, जयपुर और अधिकांश शहरों में 1 किलो चांदी का भाव 2.50 लाख रुपये पर पहुंच गया है। वहीं चेन्नई, भुवनेश्वर, कटक, हैदराबाद और केरल में 1 किलो चांदी 2.60 लाख रुपये में बिक रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, डॉलर में उतार-चढ़ाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के कारण सोने और चांदी की कीमतों को लगातार समर्थन मिल रहा है। इसके अलावा शादी-विवाह के सीजन में बढ़ी मांग भी दामों में तेजी की प्रमुख वजह मानी जा रही है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि विभिन्न शहरों में टैक्स, मेकिंग चार्ज और स्थानीय शुल्क के कारण कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल सकता है। ऐसे में खरीदारी से पहले अपने शहर का ताजा भाव जरूर जांच लें।
pooja