हरियाणा की सुरुचि ने जीता गोल्ड,10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड में भारत को दूसरा गोल्ड
झज्जर की सुरुचि इंदर सिंह फोगाट ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में गोल्ड जीतकर भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया और एशियन रिकॉर्ड बनाया।
झज्जर की सुरुचि इंदर सिंह फोगाट ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड
➤ 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में कमलजीत के साथ भारत को दूसरा स्वर्ण
➤ 484.6 अंक के साथ भारतीय जोड़ी ने बनाया एशियन रिकॉर्ड, सीएम सैनी ने दी बधाई
एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटी सुरुचि इंदर सिंह फोगाट ने देश का नाम रोशन कर दिया। झज्जर जिले के सासरोली गांव की रहने वाली सुरुचि ने कमलजीत के साथ भारतीय जोड़ी का हिस्सा बनकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। शुक्रवार को मिली इस स्वर्णिम सफलता के साथ भारत ने प्रतियोगिता में अपना दूसरा गोल्ड मेडल हासिल किया।
भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ सुरुचि और कमलजीत ने एशियन रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया की जोड़ी 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि ईरान ने कांस्य पदक जीता।
क्वालिफिकेशन से फाइनल तक भारतीय जोड़ी ने बनाए रखा दबदबा
सुरुचि और कमलजीत ने फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। दोनों ने 587 अंक हासिल करते हुए क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
इसके बाद फाइनल मुकाबले में भी भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी। लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों ने 484.6 अंक हासिल किए और गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय जोड़ी ने एशियन रिकॉर्ड भी बनाया।
सासरोली गांव से शुरू हुआ सुरुचि का सफर, 13 साल की उम्र में पकड़ी शूटिंग की राह
सुरुचि इंदर सिंह फोगाट झज्जर जिले के सासरोली गांव की रहने वाली हैं। उनकी अंतरराष्ट्रीय शूटिंग यात्रा महज 13 साल की उम्र में शुरू हुई थी। शूटिंग में आगे बढ़ने के लिए वह अपने पिता और भाइयों के साथ सासरोली से भिवानी की शूटिंग अकादमी तक ट्रेन से जाती थीं।
मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर सुरुचि ने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। अब 20 साल की उम्र में वह जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड और कई ISSF वर्ल्ड कप गोल्ड जीत चुकी हैं।
एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद सासरोली गांव और सुरुचि के परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी स्वर्णिम उपलब्धियों के बाद गांव में जश्न मनाया जा चुका है।
सुरुचि की जीत पर सीएम नायब सिंह सैनी ने दी बधाई
सुरुचि और कमलजीत की इस उपलब्धि पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
सीएम की ओर से दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि उनकी उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है। साथ ही उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की गई।
जिला खेल अधिकारी बोले- सुरुचि की उपलब्धि से पूरा झज्जर गौरवान्वित
एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर जिला खेल अधिकारी शतेंद्र कुमार ने भी सुरुचि इंदर सिंह को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि झज्जर जैसे जिले के एक सामान्य परिवार की बेटी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतना पूरे जिले के लिए खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सुरुचि की इस उपलब्धि से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा और वे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।
सुरुचि की इस स्वर्णिम उपलब्धि से एक बार फिर झज्जर और सासरोली गांव का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर चमका है। 20 साल की उम्र में एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली सुरुचि की सफलता ने उनके परिवार के साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल बना दिया है।
Akhil Mahajan