“बिग बॉस 20 में लगेगी रीति की क्लास? अजय देवगन-जयदीप अहलावत भी होंगे खास मेहमान
बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में सलमान खान रीति तिवारी को फटकार लगाएंगे, जबकि अजय देवगन और जयदीप अहलावत ‘दृश्यम 3’ का प्रमोशन करेंगे
सलमान खान रीति तिवारी के व्यवहार पर लगाएंगे फटकार
➤ गुल्लू बने बिग बॉस 20 के नए कप्तान, यह उनका दूसरा मौका
➤ अजय देवगन और जयदीप अहलावत ‘दृश्यम 3’ के प्रमोशन के लिए पहुंचेंगे
‘बिग बॉस 20’ के दर्शकों के लिए इस हफ्ते का वीकेंड का वार काफी खास होने वाला है। पूरे हफ्ते घर में अलग-अलग टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर विवाद देखने को मिले। खासतौर पर रीति तिवारी, काजी और उदिती के बीच हुए झगड़ों ने खूब चर्चा बटोरी। अब इन सभी मुद्दों पर शो के होस्ट सलमान खान अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आएंगे।
डिस बैटल में रीति के व्यवहार पर सलमान की फटकार
इस हफ्ते घरवालों के बीच डिस बैटल टास्क रखा गया था। इस टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर बहस और लड़ाई देखने को मिली। रीति तिवारी और काजी के बीच भी तीखी तू-तू मैं-मैं हुई।
वीकेंड का वार के प्रोमो में सलमान खान रीति तिवारी को उनके डिस बैटल के दौरान किए गए व्यवहार को लेकर फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, सलमान ने घर के बाकी सदस्यों से भी सवाल किया कि उन्होंने रीति के व्यवहार का विरोध क्यों नहीं किया।
इस दौरान वीकेंड का वार में पूरे हफ्ते घर में हुए विवादों और कंटेस्टेंट्स के रवैये पर चर्चा होने की उम्मीद है।
गुल्लू बने घर के नए कप्तान
बिग बॉस 20 में इस सीजन घर में कैप्टन बनने की रेस के साथ-साथ कंटेस्टेंट्स की कोशिश घर में अपनी जगह बनाए रखने की भी है। सीजन की शुरुआत में डीएसए कैप्टन थे। इसके बाद दूसरे हफ्ते गुल्लू को कैप्टन बनाया गया।
तीसरे हफ्ते भी टास्क जीतकर गुल्लू ने एक बार फिर कैप्टेंसी हासिल कर ली। बिग बॉस के घर में गुल्लू का यह दूसरा कैप्टेंसी का मौका है।
आम्रपाली दुबे ने एक्टिंग को लेकर कही बात
भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे भी इस हफ्ते घर में हुए विवादों और दूसरे मुद्दों पर अपनी राय रखती नजर आईं। बिग बॉस 20 के वायरल प्रोमो में वह घर के एक्टर्स और उनकी एक्टिंग को लेकर बात करती दिखाई दे रही हैं।
आम्रपाली ने कहा, ‘यहां सभी एक्टर्स हैं, एक्टिंग में कोई छोटा बड़ा नहीं होता, कि तुम लीड रोल करते हो, छोटे एक्टर हो, मेरी मिमिक्री करते हो, कोई फुटेज की बात करता है तो मेरे तन बदन मैं आग लग जाती है।’
उनकी यह बात भी वीकेंड का वार के दौरान चर्चा में रहने वाली है।
अजय देवगन और जयदीप अहलावत करेंगे ‘दृश्यम 3’ का प्रमोशन
इस हफ्ते का वीकेंड का वार इसलिए भी खास होने वाला है, क्योंकि शो में अजय देवगन और जयदीप अहलावत मेहमान बनकर पहुंचेंगे। दोनों कलाकार अपनी आगामी फिल्म ‘दृश्यम 3’ के प्रमोशन के लिए बिग बॉस 20 के मंच पर नजर आएंगे।
ऐसे में एक तरफ सलमान खान घरवालों के पूरे हफ्ते के व्यवहार पर बात करेंगे, वहीं दूसरी तरफ अजय देवगन और जयदीप अहलावत की मौजूदगी से शो में मनोरंजन का एक अलग रंग देखने को मिलेगा।
Akhil Mahajan