गोबर को लेकर खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी-डंडों से हमला कर युवक की ह*त्या,ग्रामीणों ने लगाया जाम
चरखी दादरी के महराणा गांव में गोबर को लेकर विवाद में मनोज पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला हुआ। रोहतक PGI में मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम किया।
चरखी दादरी के गांव महराणा में गोबर को लेकर विवाद, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर मनोज को किया था घायल
➤ रोहतक PGI में उपचार के दौरान सोमवार को मौत, भाई की शिकायत पर 5 नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस
➤ युवक की मौत से भड़के ग्रामीणों ने दादरी-पातुवास रोड किया जाम, विधायक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
चरखी दादरी के गांव महराणा में पशुओं के गेट पर भैंस के गोबर करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शुक्रवार रात कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर मनोज को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उसे पहले शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान सोमवार को मनोज ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मनोज की मौत से नाराज ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दादरी-पातुवास रोड पर जाम लगा दिया। सड़क पर ग्रामीणों के एकत्रित होने से यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर बाढ़ड़ा विधायक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। मामले को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई है। ग्रामीणों की मांग है कि हत्या के मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
प्लॉट के सामने सो रहा था मनोज, हथियार लेकर पहुंचे हमलावर
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई सुखबीर ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसका भाई मनोज अपने प्लॉट के सामने गली में सो रहा था। इसी दौरान विक्रांत उर्फ कालिया, हिमांशु उर्फ धोलिया, सन्नी उर्फ मोनू, श्री भगवान और लखीराम सहित 3-4 अन्य लोग हथियार लेकर वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने मनोज पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान शोर सुनकर उसका भाई सुखबीर और भाभी प्रियंका मौके पर पहुंचे। उस समय आरोपी मनोज पर हमला कर रहे थे।
परिजनों को मौके पर आता देखकर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने घायल मनोज को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। यहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई।
भैंस के गोबर को लेकर शुरू हुआ था विवाद, प्रियंका ने सन्नी को टोका था
सुखबीर की शिकायत के अनुसार, विवाद की शुरुआत शुक्रवार दिन में हुई थी। उस दौरान सन्नी की भैंस ने पशुओं के गेट पर गोबर कर दिया था। इस बात को लेकर मनोज की भाभी प्रियंका ने सन्नी को टोका था।
आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते रात में मनोज पर हमला किया गया। दिन में गोबर करने को लेकर हुई कहासुनी ने रात तक गंभीर रूप ले लिया और हथियारों से किए गए हमले में मनोज की जान चली गई।
पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य पर केस, दो युवकों की गिरफ्तारी
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के भाई सुखबीर की शिकायत पर विक्रांत उर्फ कालिया, हिमांशु उर्फ धोलिया, सन्नी उर्फ मोनू, श्री भगवान और लखीराम सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।
थाना प्रभारी सतबीर सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में पहले ही 2 युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को एक महिला शकुंतला का नाम भी मामले में दर्ज करवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन, पंचायत में उठी गिरफ्तारी की मांग
मनोज की मौत के बाद गांव महराणा में ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दादरी-पातुवास रोड पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई।
बाढ़ड़ा विधायक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। वहीं, मामले को लेकर पंचायत भी बुलाई गई है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना में एक युवक की मौत हो चुकी है और पुलिस दो युवकों की गिरफ्तारी की पुष्टि कर चुकी है। सोमवार को शकुंतला का नाम भी मामले में दर्ज करवाया गया है।
Akhil Mahajan