स्कूल बस को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 25 घायल
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर स्कूल बस को ट्रक ने टक्कर मारी। हादसे में चार बच्चों की मौत और 25 लोग घायल हुए।
➤ लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खड़ी स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, चार बच्चों की मौत
➤ पिकनिक मनाकर आगरा से कौशांबी लौट रहे थे 50 बच्चों समेत 60 लोग, 25 घायल
➤ ठठिया थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, ट्रक चालक को झपकी आने की आशंका; दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे स्कूली बच्चों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खड़ी स्कूल बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। बस में 50 बच्चों सहित कुल 60 लोग सवार थे। सभी बच्चे आगरा में पिकनिक मनाने के बाद अपने स्कूल लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय पुलिस तथा राहत टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया।
टॉयलेट कराने के लिए एक्सप्रेसवे पर रोकी थी बस
कन्नौज के एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस कौशांबी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी। बस सोमवार रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए बस एक्सप्रेसवे पर खड़ी की गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस की कई सीटें उखड़ गईं और बच्चे सीटों के बीच फंस गए। हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
चार बच्चों की गई जान, 25 घायल
इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में अरमान और आर्यन आठवीं कक्षा के छात्र थे, जबकि रजीउल्लाह और मोहम्मद जैद दसवीं कक्षा में पढ़ते थे।
हादसे में घायल 25 बच्चों और अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है।
ट्रक चालक को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह ट्रक चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद घायल बच्चों को देखकर स्कूल की एक शिक्षिका भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। वहां मौजूद दूसरी शिक्षिका ने उन्हें संभाला। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Akhil Mahajan