भिवानी में हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश, दो युवतियों समेत चार आरोपी गिरफ्तार, जानें कैसे बनाते थे शिकार
भिवानी में हनी ट्रैप के जरिए 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। दो महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार, पहले भी कई वारदातों का खुलासा।
- भिवानी में हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश, दो युवतियों समेत चार आरोपी गिरफ्तार
- सोशल मीडिया पर दोस्ती कर वीडियो बनाकर 5 लाख रुपये की ठगी
- पहले भी झज्जर के युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर 3 लाख वसूले
भिवानी में पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक व्यक्ति को जाल में फंसाया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए उससे 5 लाख रुपये की ठगी की।
हिसार निवासी देवेंद्र ने सिटी थाना भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ठेकेदारी का काम करता है। 16 अक्टूबर को उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया, जिसमें युवती ने अपना नाम प्रिया बताया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
22 अक्टूबर को शिकायतकर्ता भिवानी पहुंचा, जहां बस स्टैंड पर प्रिया से मुलाकात हुई। प्रिया उसे अपनी स्कूटी से हनुमान ढाणी स्थित एक मकान में ले गई। वहां पहले युवती ने भरोसा जीता और फिर अचानक दो युवक कमरे में आ गए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली।
आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की मांग की। बाद में सौदा 5 लाख रुपये में तय हुआ। आरोपियों ने 99 हजार रुपये गूगल-पे के माध्यम से और दो-दो लाख रुपये के दो चेक ले लिए। इसके बाद भी आरोपियों ने दोबारा पैसे की मांग की, जिस पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश पर सीआईए स्टाफ और सिटी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने इससे पहले झज्जर निवासी एक व्यक्ति को भी हनी ट्रैप में फंसाकर 3 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस को आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। मामले की जांच जारी है।
Author1