सोनीपत में बड़ा गैंगस्टर नेटवर्क बेनकाब: विदेश से ऑपरेट हो रही रंगदारी गैंग के 5 शार्प-शूटर गिरफ्तार, फायरिंग से पहले ही पुलिस का एक्शन

सोनीपत में विदेश से संचालित रंगदारी गैंग के 5 शार्प-शूटरों को गिरफ्तार किया गया है, जो मोबाइल चोरी कर WhatsApp के जरिए करोड़ों की फिरौती मांगते थे।

सोनीपत में बड़ा गैंगस्टर नेटवर्क बेनकाब: विदेश से ऑपरेट हो रही रंगदारी गैंग के 5 शार्प-शूटर गिरफ्तार, फायरिंग से पहले ही पुलिस का एक्शन

सोनीपत में 5 शार्प-शूटर गिरफ्तार, विदेश से चल रहा था रंगदारी नेटवर्क
मोबाइल चोरी कर WhatsApp से मांगते थे 5 से 25 करोड़ की फिरौती
पुलिस ने बड़ी वारदात से पहले दबोचकर टाली फायरिंग की घटना


सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में एंटी गैंगस्टर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। सेक्टर-7 यूनिट की टीम ने विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के इशारे पर काम कर रहे 5 शार्प-शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी हरियाणा और दिल्ली के व्यापारियों से करोड़ों रुपए की फिरौती मांगने के नेटवर्क से जुड़े थे और एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।

आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विदेश में बैठे गैंगस्टर Randeep Malik और Deepak Boxer के निर्देश पर काम कर रहा था। ये लोग सोनीपत, पानीपत, जींद और दिल्ली के नरेला इलाके के व्यापारियों को निशाना बनाकर 5 करोड़ से लेकर 25 करोड़ रुपए तक की रंगदारी मांग रहे थे।

मोबाइल चोरी कर रचते थे साजिश
गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी रात के समय लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे और फोन बंद होने से पहले ही उसी नंबर से व्हाट्सएप पर गैंगस्टरों का अकाउंट लॉगिन करवा देते थे। ओटीपी उसी मोबाइल पर आने के कारण विदेशी गैंगस्टर आसानी से एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद उसी नंबर से व्यापारियों को कॉल कर धमकियां दी जाती थीं।

5 आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड़ पर लिया जाएगा।

WhatsApp कॉल से देते थे धमकी
लॉगिन होने के बाद आरोपी व्हाट्सएप कॉल के जरिए उद्योगपतियों और व्यापारियों को धमकाते थे। पानीपत में 24 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सोनीपत के पहल न्यूट्रिशन संस्थान पर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और वहां फायरिंग की तैयारी भी की जा रही थी।

वारदात से पहले ही दबोचे गए आरोपी
एंटी गैंगस्टर यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले हैं। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांचों शार्प-शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपियों को वारदात से पहले ही पकड़ लिया।

पुलिस रिमांड में होगा बड़ा खुलासा
पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि पूरे नेटवर्क और विदेश में बैठे मास्टरमाइंड्स के कनेक्शन का खुलासा किया जा सके। एक आरोपी आकाश पर पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि बाकी आरोपी दिल्ली के नरेला क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।