हिसार में पुलिस-वकील भिड़े,2 एडवोकेट पर FIR, बार ने SP को दिया अल्टीमेटम,ट्रैफिक जवान ने मारपीट और वर्दी फाड़ने का लगाया आरोप
हिसार के जिंदल चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और दो वकीलों के बीच विवाद के बाद FIR दर्ज हुई। बार एसोसिएशन ने SP को दोपहर 3 बजे तक का अल्टीमेटम दिया।
हिसार के जिंदल चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और दो वकीलों के बीच कार रोकने को लेकर हुआ विवाद
➤ होमगार्ड जवान ने गर्दन पकड़ने, वर्दी फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
➤ बार एसोसिएशन ने SP को दिया बुधवार दोपहर 3 बजे तक का अल्टीमेटम, पुलिस कार्रवाई के विरोध में बैठक बुलाने की तैयारी
हिसार। हरियाणा के हिसार में ट्रैफिक पुलिस के जवान और वकीलों के बीच हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। जिंदल चौक पर कार रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस थाने तक पहुंच गया। होमगार्ड जवान राजबीर की शिकायत पर पुलिस ने एडवोकेट विशाल यादव और सूरज यादव के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, ड्यूटी में बाधा डालने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने समेत BNS की छह धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।
वहीं, पुलिस की कार्रवाई से नाराज हिसार बार एसोसिएशन ने भी मोर्चा खोल दिया है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने SP सिद्धांत जैन से मुलाकात कर बुधवार दोपहर 3 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। बार की ओर से कहा गया है कि निर्धारित समय तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जनरल हाउस की बैठक बुलाकर आगामी रणनीति तय की जाएगी। इस विवाद में अब पुलिस और वकील दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
जिंदल चौक पर कार रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, हरियाणा पुलिस में होमगार्ड (HGH) के पद पर तैनात राजबीर की ड्यूटी 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक जिंदल चौक पर थी। शाम करीब 6 बजे जिंदल अस्पताल की तरफ से टेंपरेरी नंबर की एक कार आई। आरोप है कि कार चालक ने ड्यूटी पॉइंट के पास अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे वहां तैनात राजबीर बाल-बाल बच गए।
राजबीर के मुताबिक, उन्होंने कार चालक को रुकने का इशारा किया तो वह नीचे उतर आया। आरोप है कि चालक ने उनकी गर्दन पकड़ ली और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए वर्दी फाड़ दी। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
'तुम पुलिस वाले गुंडे हो, अभी और वकीलों को बुलाता हूं'
शिकायत में राजबीर ने आरोप लगाया कि कार चालक ने खुद को वकील बताते हुए कहा कि तुम पुलिस वाले गुंडे हो, मेरी गाड़ी कैसे रुकवा ली। उसने यह भी कहा कि वह अभी और वकीलों को बुलाकर बताएगा।
इसके बाद होमगार्ड जवान ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर जांच अधिकारी PSI विनोद सांगवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया।
पूछताछ में कार चालक की पहचान सेक्टर 1-4 निवासी एडवोकेट विशाल यादव के रूप में हुई, जबकि कंडक्टर सीट पर बैठे दूसरे व्यक्ति की पहचान कैमरी रोड स्थित माल कॉलोनी निवासी सूरज यादव के रूप में बताई गई।
जेब से निकालकर पुलिस को सौंपी फटी हुई वर्दी
पुलिस के अनुसार, थाने पहुंचने के बाद होमगार्ड जवान राजबीर ने अपनी जेब से सफेद रंग की फटी हुई वर्दी निकालकर जांच अधिकारी को सौंपी। पुलिस ने इसे सीजर मेमो के माध्यम से सबूत के तौर पर जब्त किया। नए कानून के तहत ई-साक्ष्य ऐप पर इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस ने दोनों वकीलों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने सहित BNS की छह धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में मंगलवार देर रात दोनों वकीलों का मेडिकल भी करवाया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे वकीलों की टीम ने उनकी जमानत करवा ली।
बार एसोसिएशन बोली- 10 से 12 पुलिसकर्मियों ने वकीलों को पीटा
दूसरी तरफ हिसार बार एसोसिएशन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। बार एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी साहिल मदेरणा ने पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए अलग घटनाक्रम बताया।
साहिल मदेरणा के अनुसार, एडवोकेट विशाल यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ शादी समारोह से सेक्टर 1-4 स्थित घर लौट रहे थे। जिंदल चौक पर अचानक हाथ देने के कारण उन्हें इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। इस दौरान कार हल्की-सी टच हो गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर पुलिसकर्मी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
मदेरणा ने बताया कि विशाल यादव अपने परिवार को घर छोड़ने के बाद सूरज यादव और अन्य साथियों के साथ वापस मौके पर पहुंचे थे। बार पदाधिकारी का आरोप है कि वहां मौजूद 10 से 12 पुलिसकर्मियों ने वकीलों पर हमला किया और इसके बाद उल्टा उन्हीं के खिलाफ केस दर्ज कर दिया।
हालांकि, इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
SP से मिले बार पदाधिकारी, दोपहर 3 बजे तक का समय दिया
विवाद की सूचना मिलने के बाद हिसार बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बाजिया ने उपप्रधान राहुल सिंह लुहाच, जॉइंट सेक्रेटरी साहिल मदेरणा, विनोद कसवां और हर्षित लांबा को सेक्टर 9-11 थाने भेजा।
इसके बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने SP सिद्धांत जैन से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। जॉइंट सेक्रेटरी साहिल मदेरणा ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने वकीलों का पक्ष रखते हुए बुधवार दोपहर 3 बजे तक का समय दिया है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद बार एसोसिएशन के जनरल हाउस की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
अब दोनों पक्षों के आरोपों पर टिकी निगाहें
हिसार में पुलिस और वकीलों के बीच बढ़ते विवाद ने शहर में चर्चा छेड़ दी है। एक तरफ होमगार्ड जवान ने ड्यूटी के दौरान मारपीट और वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ बार एसोसिएशन पुलिसकर्मियों पर वकीलों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा रही है।
अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच, दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्य महत्वपूर्ण होंगे। बुधवार दोपहर 3 बजे की समयसीमा के बाद बार एसोसिएशन क्या फैसला लेती है, इस पर भी सभी की नजरें रहेंगी।
Akhil Mahajan