राहुल गांधी पर तंज कसते बड़ौली ने कह दी ऐसी बात, सुनकर सब रह गए हैरान!
रोहतक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी बयानबाजी अब मजाक बन चुकी है। बड़ौली ने क्राइम, बाढ़ और महिला कल्याण योजनाओं पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पीएम मोदी की नीतियों की सराहना की।
➤ प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
➤ क्राइम, बाढ़ और महिला कल्याण योजनाओं पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
➤ भारत की मजबूती और पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना सोचे-समझे कुछ भी बोल देते हैं और अक्सर खुद ही अपनी बातों का मतलब नहीं समझते। बड़ौली ने चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी से यह पूछा जाना चाहिए कि हाइड्रोजन बम और परमाणु बम में फर्क क्या है, क्योंकि उनकी भाषा और बयानबाजी अब मजाक का विषय बन चुकी है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी किसी भी मुद्दे पर गंभीर बहस करने के बजाय लोकसभा में सिर्फ अपनी बात कहकर बाहर निकल जाते हैं। जनता अब उनकी बातों को गंभीरता से लेना छोड़ चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस पर विधानसभा में गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा में क्राइम का मुद्दा उठाया और फिर सदन छोड़कर भाग गई। जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूरे डेटा के साथ बताया कि 2014 से पहले अपराध की स्थिति क्या थी और आज किस तरह का फर्क आया है। आज प्रदेश में भय का माहौल नहीं है और व्यापारी शांति से अपना कारोबार कर रहे हैं।
बड़ौली ने केंद्र सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका ने जब टैरिफ बढ़ाने की कोशिश की थी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया था कि किसानों के हितों से समझौता नहीं होगा। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है और इतना शक्तिशाली देश बन चुका है कि ज्यादातर वस्तुएं भारत में ही बन रही हैं।
प्रदेशाध्यक्ष ने हरियाणा में बाढ़ की स्थिति पर कहा कि सरकार पहले से तैयार थी। टांगरी, घग्गर और मारकंडा नदियों की सफाई समय पर कराई गई, जिससे नुकसान कम हुआ। जहां पानी भरा है, वहां भाजपा कार्यकर्ता लगातार फील्ड में मौजूद हैं और राहत कार्यों में लगे हैं।
महिला कल्याण योजनाओं पर बोलते हुए बड़ौली ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर महिला को 2100 रुपये का लाभ मिले। पहले चरण में एक लाख तक आय वाली महिलाओं को जोड़ा गया है। आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी होगी। इस योजना से अब तक 21 लाख महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं।
Akhil Mahajan