हरियाणा में थाने से 160 पेटी शराब गायब, इंस्पेक्टर पर केस दर्ज

फतेहाबाद सदर थाना के मालखाने से 160 पेटी शराब गायब मिलने के बाद पूर्व SHO प्रहलाद सिंह पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है।

फतेहाबाद सदर थाने के मालखाने से 160 पेटी शराब गायब होने का मामला सामने आया

पूर्व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह पर एफआईआर दर्ज, एसआईटी गठित

एसपी निकिता खट्टर ने पूरे सदर थाने का स्टाफ बदला, जांच ASP को सौंपी

हरियाणा के फतेहाबाद में सदर थाना के मालखाने से शराब की पेटियां गायब होने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में सदर थाना के पूर्व प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, सदर थाना के मालखाने से करीब 160 पेटी शराब गायब पाई गई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 256 और 316(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

जांच के लिए गठित एसआईटी का नेतृत्व एएसपी दिव्यांशी सिंगला करेंगी। टीम में डीएसपी जगदीश काजला और एसएचओ सुरेंद्रा को भी शामिल किया गया है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने मालखाने का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

दिलचस्प बात यह है कि एसपी निकिता खट्टर ने पिछले सप्ताह ही इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह को उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया था। इसी दौरान मालखाने से शराब की पेटियां गायब होने का मामला सामने आ गया, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मामला सामने आने के बाद सबसे पहले प्रहलाद सिंह को सदर थाना प्रभारी के पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। इसके बाद उनके खिलाफ औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया गया।

पुलिस विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए रतिया सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय को फतेहाबाद सदर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं बड़ोपल चौकी प्रभारी शीशपाल सिंह को रतिया सदर थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस मालखाने का पूरा रिकॉर्ड नियमित रूप से मेंटेन किया जाता है। किसी भी थाना प्रभारी के तबादले या बदलाव के समय रिकॉर्ड का मिलान किया जाता है। तीन दिन पहले जब मालखाने के रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया तो रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया गया।

जांच के दौरान मालखाने में दर्ज संख्या के मुकाबले 160 पेटी शराब कम मिली। इसके बाद एसपी निकिता खट्टर ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच के आधार पर अब एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एसआईटी पूरे मामले की तह तक जाएगी और यदि जांच में अन्य किसी कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।