हरियाणा से बच्चों का अपहरण करने वाले 4 बदमाशों की कार का एक्सीडेंट: 3 अपहरणकर्ताओं समेत पांच की मौत, बच्‍चे सभी सुरक्षित

गुरुग्राम से बच्चों और पिता के अपहरण का मामला बरेली में हादसे के बाद सामने आया। 3 किडनैपर मारे गए, बच्चे घायल लेकिन सुरक्षित मिले।

हरियाणा से  बच्चों का अपहरण करने वाले 4 बदमाशों की कार का एक्सीडेंट: 3 अपहरणकर्ताओं समेत पांच की मौत, बच्‍चे सभी सुरक्षित

गुरुग्राम से 2 बच्चों और पिता का अपहरण, यूपी में हादसे से खुला राज
बरेली में बोलेरो कार का भीषण एक्सीडेंट, 3 किडनैपर समेत 5 की मौत
दोनों बच्चे घायल लेकिन सुरक्षित, पिता भी बरामद


गुरुग्राम से एक ऑटो ड्राइवर और उसके दो बच्चों के अपहरण का मामला उस समय सामने आया जब अपहरणकर्ताओं की कार उत्तर प्रदेश के बरेली में हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में तीन किडनैपरों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, किडनैपर्स बोलेरो कार में सवार थे और बच्चों को लेकर फरार हो रहे थे। इसी दौरान बरेली में उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया और जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

टैंकर से टकराने के बाद बॉलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा।

इस दुर्घटना में चार किडनैपरों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हादसे में दो बाइक सवार भी चपेट में आ गए, जिनकी भी मौत हो गई।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि अपहृत दोनों बच्चे इस हादसे में जीवित बच गए, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

क्रेन की मदद से बॉलेरो को सड़क से हटाकर किनारे किया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुग्राम के डीएलएफ फेस-1 थाना पुलिस की टीम बच्चों की मां पूजा को साथ लेकर बरेली पहुंची। बरेली पुलिस ने घायल बच्चों से पूछताछ की और उनकी तस्वीरें गुरुग्राम पुलिस को भेजीं।

फोटो के आधार पर दोनों बच्चों की पहचान की गई और इसके बाद पूरे अपहरण कांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए बच्चों के पिता को भी किडनैपर्स के ठिकाने से सुरक्षित बरामद कर लिया

टैंकर से टकराई बॉलेरो में पीछे से आ रही बाइक भी जा घुसी। बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई।

अब गुरुग्राम पुलिस और बरेली पुलिस संयुक्त जांच कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस किडनैपिंग गिरोह में और कौन-कौन शामिल था और इसके पीछे की पूरी साजिश क्या थी।