बेटे के साथ सातवीं मंजिल से कूदी नर्स, जानें क्‍या है मामला

गुरुग्राम के सेक्टर-93 की एक सोसाइटी में 27 वर्षीय नर्स ने अपने 3 वर्षीय बेटे के साथ सातवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी है। मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है, पुलिस जांच में जुटी है।

बेटे के साथ सातवीं मंजिल से कूदी नर्स, जानें क्‍या है मामला

➤गुरुग्राम में 27 वर्षीय नर्स ने बेटे संग सुसाइड किया
➤बालकनी से कूदकर मौत, मौके पर मौजूद थे पति और ससुर
➤मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की


हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। शहर की सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी, सिद्धार्थ एन्क्लेव में रहने वाली 27 वर्षीय शर्मिला, जो पेशे से नर्स थी, ने अपने तीन वर्षीय बेटे युवान के साथ सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह हादसा बुधवार दोपहर उस समय हुआ जब घर पर उसका पति और ससुर मौजूद थे।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। यह घटना इतनी अचानक हुई कि सोसाइटी के लोग सदमे में आ गए।

सेक्टर-10 थाना पुलिस के SHO योगेश कुमार ने बताया कि मृतका शर्मिला महेंद्रगढ़ जिले के बिछनी गांव की रहने वाली थी और पारस अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। वह अपने पति रोहित और ससुर के साथ सेक्टर-93 में करीब दो साल से रह रही थी। बताया जा रहा है कि घटना से ठीक पहले घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के बाद शर्मिला अपने बेटे को गोद में लेकर बालकनी में गई और सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद बिल्डिंग के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या की असली वजह का खुलासा नहीं हो पाया है।

वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने सेक्टर-10 थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू की है। SHO योगेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

सोसाइटी के लोगों के मुताबिक, शर्मिला और उसका पति रोहित अक्सर झगड़ते रहते थे। पति रोहित जिला कोर्ट में जूस बेचने का काम करता है। घटना के समय भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। महिला के कदम ने पूरे परिवार और सोसाइटी को गहरे सदमे में डाल दिया है।