हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों की मौज, सरकार ने 2% बढ़ाया महंगाई भत्ता
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी सौगात देते हुए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी की है। अब DA 58% से बढ़कर 60% हो गया है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। मई की सैलरी के साथ बढ़े हुए भत्ते और जून में एरियर का भुगतान होगा।
➤ हरियाणा में DA और DR 58% से बढ़ाकर 60% किया गया
➤ 1 जनवरी 2026 से लागू, मई वेतन में मिलेगा बढ़ा हुआ पैसा
➤ जनवरी से अप्रैल तक का एरियर जून में होगा जारी
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले से कर्मचारियों और रिटायर्ड कर्मियों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक मजबूती मिलेगी।
वित्त विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सातवें वेतन आयोग (7th Pay Commission) के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के लिए DA की दर को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
सरकार के आदेश के अनुसार, कर्मचारियों को बढ़े हुए DA का नकद लाभ मई 2026 के वेतन और पेंशन के साथ मिलना शुरू हो जाएगा। वहीं 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक की अवधि का एरियर (Arrear) जून 2026 में भुगतान किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को एकमुश्त अतिरिक्त राशि मिलेगी।
यह आदेश वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भुगतान की गणना के दौरान यदि राशि 50 पैसे या उससे अधिक होगी, तो उसे अगले रुपये में राउंड ऑफ किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से राज्य के खजाने पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ जरूर पड़ेगा, लेकिन इससे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई के दबाव से राहत मिलेगी और उनकी क्रय शक्ति में भी सुधार होगा।
Akhil Mahajan