हरियाणा के युवक की राजस्थान में हत्या, जानें क्या है वजह
गुरुग्राम के हेलीमंडी निवासी दीपक की संदिग्ध हालात में हत्या। राजस्थान के किशनगढ़ बास में कार से डेडबॉडी मिली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
- गुरुग्राम के दीपक की हत्या की आशंका
- राजस्थान में कार से मिली सड़ी-गली लाश
- कार किराए पर ले जाने वाले दो आरोपी फरार
गुरुग्राम के हेलीमंडी गांव से लापता हुए 38 वर्षीय दीपक की हत्या का मामला सामने आया है। राजस्थान के किशनगढ़ बास क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार में उसकी डेडबॉडी पिछली सीट पर लेटी हालत में मिली। शव की हालत बेहद खराब थी और कार से तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार दीपक गांव से ही किराए पर कार लेकर जाने वाले दो लोगों के साथ 18 दिसंबर को खैरथल के लिए निकला था। मृतक के भाई संदीप ने बताया कि गांव के देशराज और अरुण ने दीपक की कार बुक करवाई थी और यात्री बनकर उसके साथ गए थे। इसके बाद से तीनों का कोई सुराग नहीं मिला। दोनों संदिग्ध वारदात के बाद से फरार हैं और उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार पिछले दो दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी। मंगलवार को जब बदबू असहनीय हुई तो झांककर देखा गया। पीछे की सीट पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला, जिसका शरीर फूल चुका था और चेहरा काला पड़ गया था। नाक के आसपास खून के निशान भी पाए गए।
परिजनों का कहना है कि दीपक की ऊपरी बॉडी पर नीले निशान थे, जबकि शरीर का निचला हिस्सा सामान्य दिख रहा था। इससे हत्या का शक और गहरा गया है। खैरथल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दीपक ने 18 दिसंबर की शाम करीब छह बजे अपने भाई से आखिरी बार बात की थी। उसने कहा था कि खैरथल की बुकिंग पूरी कर एक घंटे में घर लौट आएगा। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन 19 दिसंबर को हेलीमंडी चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दी गई। 22 दिसंबर को गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज हुई।
दीपक चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था और पूरे परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उसी पर थी। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार को किसने और कब वहां खड़ा किया।
Author1