पानीपत:6 करोड़ लेनदेन विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने दी जा*न-पत्नी ने बताया पिस्तौल दिखाकर डराते थे पार्टनर, न पैसे दिए न रजिस्ट्री कराई

पानीपत में कॉलोनाइजर सुरेंद्र कटारिया की मौत के मामले में पत्नी ने करोड़ों के लेनदेन, रजिस्ट्री न होने और धमकियों के आरोप लगाए हैं। पुलिस जांच जारी है।

पानीपत:6 करोड़ लेनदेन विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने दी जा*न-पत्नी ने बताया पिस्तौल दिखाकर डराते थे पार्टनर, न पैसे दिए न रजिस्ट्री कराई

➤ करीब ₹6 करोड़ के लेनदेन और रजिस्ट्री न होने का विवाद
पत्नी का आरोप, ऑफिस बुलाकर पिस्तौल के दम पर धमकाते थे पार्टनर
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की


हरियाणा के पानीपत शहर के विकास नगर (NFL) निवासी 45 वर्षीय कॉलोनाइजर सुरेंद्र कटारिया की मौत के मामले ने इलाके को झकझोर दिया है। परिजनों का आरोप है कि करोड़ों रुपये के लेनदेन, रजिस्ट्री में अड़चन और लगातार मिल रही धमकियों के चलते सुरेंद्र गंभीर मानसिक दबाव में थे। वह तीन बच्चों के पिता थे।

मृतक की पत्नी सोनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुरेंद्र ने अपने पार्टनर्स सुनील पंडित, वकील, मोनू और प्रदीप के साथ मिलकर गांव सिवाह में जमीन खरीदी थी और वहां कॉलोनी विकसित की गई थी। कॉलोनी में प्लॉट खरीदने वाले लोग सुरेंद्र पर रजिस्ट्री का दबाव बना रहे थे, लेकिन आरोप है कि अन्य पार्टनर्स रजिस्ट्री होने नहीं दे रहे थे।

सोनिया का कहना है कि जब भी सुरेंद्र रजिस्ट्री की बात करते, उन्हें पार्टनर्स के ऑफिस बुलाया जाता और वहां उन्हें डराया-धमकाया जाता था। आरोप है कि बातचीत के दौरान पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी जाती थी, जिससे सुरेंद्र मानसिक रूप से टूटते चले गए।

पत्नी के अनुसार, सुरेंद्र ने उन्हें अपनी परेशानी पहले ही बता दी थी। उन्होंने पार्टनर्स को ₹3 करोड़ 88 लाख नकद और करीब ₹2.5 करोड़ चेक के माध्यम से दिए थे। आरोप है कि न तो रकम लौटाई गई और न ही ग्राहकों की रजिस्ट्री कराई गई। इसी तनाव के बीच यह दुखद घटना हुई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस लाया गया। पुलिस ने सोनिया के बयान के आधार पर नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और वित्तीय लेनदेन व रिकॉर्ड्स की जांच की जा रही है।