पानीपत पुलिस का बड़ा एक्शन: महिला XEN के बेटे को 12 घंटे में छुड़ाया, 3 अपहरणकर्ताओं का एनकाउंटर
पानीपत में महिला XEN के 12 वर्षीय बेटे के अपहरण मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। रोहतक में मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाश गिरफ्तार किए गए।
- महिला XEN के 12 वर्षीय बेटे का घर से अपहरण
- पानीपत पुलिस ने 12 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल छुड़ाया
- रोहतक में मुठभेड़ के दौरान 3 बदमाशों को गोली मारकर पकड़ा
हरियाणा के पानीपत में महिला XEN के 12 वर्षीय बेटे के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपियों और पुलिस के बीच रोहतक में मुठभेड़ भी हुई, जिसमें तीन बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, थर्मल कॉलोनी निवासी सुनीता, जो थर्मल विभाग में XEN पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका 12 वर्षीय बेटा कबीर, जो सातवीं कक्षा का छात्र है, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है।
महिला अधिकारी ने बताया कि वह 12 जून की शाम करीब पांच बजे अपने बेटे को घर पर छोड़कर कार्यालय चली गई थीं। रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह वापस घर लौटीं तो उनका बेटा घर पर नहीं मिला। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें तुरंत सक्रिय कर दी गईं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन रोहतक में मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन बदमाशों को गोली मारकर काबू कर लिया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान अपहृत कबीर को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अपहरण के पीछे की साजिश तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को पानीपत पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
Akhil Mahajan