Haryana : कार-बाइक की टक्कर, दंपती की मौत; ड्राइवर फरार
सिरसा में कार और बाइक की टक्कर में नागोकी गांव के दंपती की मौत हो गई। हादसे के बाद कार ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने अल्टो कार का शक जताते हुए CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
-
सिरसा में कार-बाइक की भयंकर टक्कर, दंपती की मौत
-
हादसे के बाद कार ड्राइवर फरार, अल्टो कार होने का शक
-
परिजनों ने पुलिस संग हाईवे के CCTV खंगाले
सिरसा जिले में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक पर सवार दंपती की मौत हो गई। दोनों की पहचान नागोकी गांव के 55 वर्षीय सतपाल और 49 वर्षीय रेशमा देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल से मिले पार्ट्स से यह संभावना जताई जा रही है कि यह ऑल्टो कार थी। पुलिस और मृतक के परिजन हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।
मृतक दंपती के बेटे रविदत्त ने बताया कि सिरसा में उनकी “हैरी बेकरी” नाम से दुकान है और उसके पिता भी वहीं काम करते थे। मंगलवार को दोनों सुबह बाइक से सिरसा आए थे। रेशमा देवी को रिश्तेदारी में जाना था, जहां उन्हें छोड़कर सतपाल दुकान पर चले गए। शाम को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
रविदत्त के अनुसार, खैरेकां पुल के पास सामने से आ रही गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। उसके माता-पिता को पैर, चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि ड्राइवर ने मदद नहीं की और कार लेकर फरार हो गया। सतपाल ने घायल अवस्था में घर फोन कर हादसे की जानकारी दी।
पुलिस ने कुछ फुटेज खंगाले हैं, जिसमें एक अल्टो कार संदिग्ध रूप से उस लोकेशन पर दिखाई दी है। अब उसकी पहचान की जा रही है। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक अन्य शिकायत में रविदत्त ने बताया कि वह अपने माता-पिता के पीछे-पीछे निजी वाहन से जा रहा था। तभी सामने से आई कार ने सीधी टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुट गई है।
Author1