हरियाणा में नहर में गिरी बाइक, 8 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौ*त

गुरुग्राम के सोहना में अस्थायी पुल पार करते समय बाइक नहर में गिर गई। हादसे में 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

सोहना में अस्थायी पुल पार करते समय नहर में गिरी बाइक, 8 वर्षीय बच्चे की मौत

• मां और बड़े भाई को बचाया गया, तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला शव

• लापरवाही के आरोप में पुल निर्माण से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज

गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम की जान चली गई। गांव भोगपुर मंडी के निकट गुड़गांव नहर पर बने अस्थायी पुल को पार करते समय एक बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी मां को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि उसका छोटा भाई सद्दाम तेज बहाव में बह गया और उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गांव भोगपुर निवासी शादाब शनिवार को अपनी मां और छोटे भाई सद्दाम को दवाई दिलाने के लिए गांव सिलानी गया था। रात के समय जब तीनों बाइक पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे, तभी गुड़गांव नहर पर बने अस्थायी पुल को पार करते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया।

संतुलन बिगड़ते ही बाइक सहित तीनों लोग नहर में जा गिरे। शादाब और उसकी मां किसी तरह नहर से बाहर निकल आए, लेकिन 8 वर्षीय सद्दाम पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई।

मदद नहीं मिलने का आरोप

पीड़ित शादाब ने आरोप लगाया कि हादसे के समय पुल निर्माण कार्य से जुड़े कुछ कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। उसने काफी आवाज लगाकर मदद मांगी, लेकिन किसी ने सहायता नहीं की और वहां से चले गए।

ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी पुल की सुरक्षा को लेकर पहले भी प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं, लेकिन समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए।

तीन घंटे बाद मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसीपी मुकेश यादव के नेतृत्व में नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सद्दाम का शव बरामद किया गया। बताया गया कि शव नहर में गिरे एक पेड़ के नीचे फंस गया था, जिसके कारण उसे निकालने में काफी परेशानी हुई।

ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज

एसीपी मुकेश यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में लापरवाही के संकेत मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

मासूम सद्दाम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव भोगपुर और आसपास के क्षेत्र में घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।