उधर के पैसे मांगे तो प्राइवेट पार्ट पर टांग मारकर दुकानदार की कर दी हत्‍या

सोनीपत के राई क्षेत्र में उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक दुकानदार की मौत हो गई। पत्नी की शिकायत पर पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

उधर के पैसे मांगे तो  प्राइवेट पार्ट पर टांग मारकर दुकानदार की कर दी हत्‍या

➤ उधार के पैसे मांगने पर परचून दुकानदार से हुआ विवाद
➤ पिता-पुत्र पर मारपीट कर मौत के घाट उतारने का आरोप
➤ पत्नी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू


सोनीपत जिले के राई क्षेत्र में उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। परचून की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार की कथित मारपीट के बाद मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि सामान लेने आए पिता-पुत्र ने उसके पति के साथ मारपीट की, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गांव जठेड़ी निवासी राजेश के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार राजेश अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी गांव के ही रामसेवक और उसका बेटा समर सामान लेने पहुंचे। सामान के भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि दुकान पर सामान लेने आए पिता-पुत्र ने दुकानदार के साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके प्राइवेट पार्ट पर लात मारी।

विवाद बढ़ने पर मारपीट का आरोप

मृतक की पत्नी नीलम द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने राजेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने राजेश को जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

शिकायत के अनुसार मारपीट के दौरान राजेश को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

परिजनों के मुताबिक मारपीट के बाद राजेश बेहोश हो गया था। उसे उपचार के लिए सोनीपत के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक का माहौल बन गया।

पत्नी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज

घटना के बाद मृतक की पत्नी नीलम ने थाना राई में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रामसेवक और उसके बेटे समर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले की जांच थाना राई में तैनात एसआई अशोक को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस पीआरओ रविंद्र कुमार के अनुसार शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।