Watch: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भद्रकाली शक्तिपीठ में की विशेष पूजा, अर्पित किए चांदी के घोड़े
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कुरुक्षेत्र स्थित मां भद्रकाली सिद्ध शक्तिपीठ में विशेष पूजा की। प्रोटोकॉल तोड़ 30 मिनट बिताए और चांदी घोड़े अर्पित किए। अर्जुन मंत्रों का पाठ हुआ।
- उपराष्ट्रपति C.P. राधाकृष्णन ने मां भद्रकाली शक्तिपीठ में की विशेष पूजा
- प्रोटोकॉल तोड़कर 30 मिनट से अधिक समय मंदिर में बिताया
- चांदी के घोड़े अर्पित किए, अर्जुन कृत मंत्रों का हुआ पाठ
कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने रविवार को हरियाणा के एकमात्र सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर में पहुंचकर विशेष पूजा अर्चना की। उपराष्ट्रपति यहां मां भद्रकाली के दर्शन करने पहुंचे और चांदी के घोड़े मां के चरणों में अर्पित किए।
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति का मंदिर कार्यक्रम केवल 10 मिनट का तय था, लेकिन उन्होंने प्रोटोकॉल तोड़कर 30 मिनट से अधिक समय मां के दरबार में बिताया। मंदिर में प्रवेश के बाद पीठाध्यक्ष पं. सतपाल शर्मा व मंदिर प्रबंधक टीम ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी साथ मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति ने मंत्रोचारण, कमल पुष्पों और पान पत्तों के साथ श्री देवीकूप पर विशेष पूजा की गई। माना जाता है कि महाभारत युद्ध से पूर्व पांडवों और भगवान श्री कृष्ण ने भी यहां पूजा की थी, और उसी परंपरा को निभाते हुए उपराष्ट्रपति ने परिक्रमा कर चांदी के घोड़े अर्पित किए।
पूजा के दौरान अर्जुन कृत मंत्रों का पाठ किया गया। पीठाध्यक्ष ने उपराष्ट्रपति को मां भद्रकाली की लाल शक्ति चुनरी, चांदी मुकुट, पुष्प माला, तथा सिद्ध अष्टधातु अष्टभुजा स्वरूप भेंट किया। साथ ही अभिमंत्रित शक्ति त्रिशूल भी प्रदान किया, जो शक्तिपीठ की शक्ति का प्रतीक माना जाता है।
Author1