विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा: “मैं भी शोषण की विक्टिम”, गोंडा टूर्नामेंट पर उठाए सवाल

विनेश फोगाट ने WFI के गोंडा रैंकिंग टूर्नामेंट पर सवाल उठाते हुए बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव वाले क्षेत्र में निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा: “मैं भी शोषण की विक्टिम”, गोंडा टूर्नामेंट पर उठाए सवाल

➤ विनेश फोगाट ने खुद को भी 6 पीड़ितों में शामिल बताया
➤ गोंडा में होने वाले टूर्नामेंट पर निष्पक्षता पर सवाल
➤ सुरक्षा को लेकर चेतावनी, कहा- कुछ हुआ तो सरकार जिम्मेदार


हरियाणा के पानीपत में ओलिंपियन रेसलर Vinesh Phogat ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में विनेश ने कहा कि यौन उत्पीड़न मामले में शिकायत करने वाली 6 महिला खिलाड़ियों में वह खुद भी शामिल हैं और उनकी गवाही फिलहाल कोर्ट में चल रही है।

विनेश ने बताया कि उत्तर प्रदेश के Gonda में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट आयोजित होना है। उन्होंने कहा कि गोंडा बृजभूषण का गृह क्षेत्र है और वहां उनके प्रभाव के कारण निष्पक्ष प्रतियोगिता होना मुश्किल है। उन्होंने आशंका जताई कि वहां रेफरी, अंक और मैच से जुड़े फैसले प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के तौर पर वह और उनकी टीम प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, लेकिन वहां जाकर अपना 100 प्रतिशत प्रदर्शन देना उनके लिए आसान नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रतियोगिता के दौरान किसी भी खिलाड़ी के साथ कोई गलत घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।

विनेश ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से वह कुश्ती मैट से दूर थीं, लेकिन अब उन्होंने दोबारा मेहनत शुरू की है और देश के लिए फिर से पदक जीतने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि वह ईमानदारी से तैयारी कर रही हैं और तिरंगे का मान बनाए रखना चाहती हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खेल मंत्रालय इस पूरे मामले में मूक दर्शक बना हुआ है और बृजभूषण को पूरी तरह खुली छूट दी गई है। विनेश के अनुसार, खिलाड़ियों को उनका हक मिलेगा, इस पर उन्हें भरोसा नहीं है।

विनेश ने कहा कि यौन उत्पीड़न से जुड़ा मामला अभी कोर्ट में लंबित है और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए। लेकिन परिस्थितियों के चलते उन्होंने खुद सामने आकर यह बात कही है कि वह भी इस मामले की पीड़ित हैं।

गौरतलब है कि जनवरी 2023 में विनेश फोगाट समेत कई महिला पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उस समय इस मुद्दे ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी राजनीतिक और खेल जगत में हलचल मचाई थी।

वहीं Brij Bhushan Sharan Singh ने इन आरोपों को पहले ही खारिज करते हुए कहा था कि अगर आरोप साबित हुए तो वह फांसी तक चढ़ने को तैयार हैं।