रेसलर विनेश फोगाट को डोपिंग एजेंसी का नोटिस
इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने डोप टेस्ट मिस करने पर विनेश फोगाट को नोटिस भेजा है। उन्हें 7 मई तक जवाब देने को कहा गया है।
■ डोप टेस्ट मिस करने पर विनेश फोगाट को ITA का नोटिस
■ 7 मई तक मांगा जवाब, पहली बार टूटा ‘व्हेयरअबाउट्स’ नियम
■ तीन बार टेस्ट मिस होने पर लग सकता है 2 साल का बैन
देश की दिग्गज महिला पहलवान और कांग्रेस विधायक Vinesh Phogat को इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) ने डोपिंग नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया है। एजेंसी ने उनसे डोप टेस्ट में शामिल न होने का कारण पूछा है और 7 मई तक जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ITA ने 18 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में विनेश फोगाट का आउट ऑफ कॉम्पिटीशन डोप टेस्ट तय किया था। हालांकि उस समय विनेश निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थीं, जिसके चलते एजेंसी ने इसे “व्हेयरअबाउट्स” नियम का उल्लंघन माना है।
4 मई को जारी नोटिस में ITA ने कहा कि पिछले एक साल में यह पहली बार है जब विनेश फोगाट ने व्हेयरअबाउट्स नियम तोड़ा है। फिलहाल उन्हें केवल चेतावनी दी गई है। हालांकि अगर कोई खिलाड़ी एक साल के भीतर तीन बार डोप टेस्ट मिस करता है या लोकेशन अपडेट नहीं देता, तो उस पर दो साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
दरअसल, आउट ऑफ कॉम्पिटीशन टेस्ट वह प्रक्रिया होती है जिसमें खिलाड़ियों की सामान्य दिनों में भी डोपिंग जांच की जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे किसी प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन नहीं कर रहे हैं।
व्हेयरअबाउट्स नियम के तहत खिलाड़ियों को अपनी लोकेशन की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करनी होती है, ताकि डोपिंग एजेंसियां किसी भी समय टेस्ट कर सकें। अगर खिलाड़ी बताए गए पते पर नहीं मिलता, तो इसे नियम उल्लंघन माना जाता है।
विनेश फोगाट ने अपने जवाब में बताया था कि 18 दिसंबर 2025 को वह बेंगलुरु से चंडीगढ़ यात्रा कर रही थीं। उस दौरान हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा था और वह उसमें शामिल होने जा रही थीं। उन्होंने नई पारिवारिक जिम्मेदारियों और हाल ही में बच्चे के जन्म का भी जिक्र किया।
विनेश ने कहा कि व्यस्तता के कारण वह अपनी लोकेशन अपडेट नहीं कर पाईं। उन्होंने 19 जनवरी 2026 को एजेंसी को अपना जवाब भी भेज दिया था।
गौरतलब है कि विनेश फोगाट ने 2024 पेरिस ओलिंपिक में अपना आखिरी मुकाबला खेला था। फाइनल से पहले वजन 100 ग्राम अधिक पाए जाने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था।
हालांकि बाद में 12 दिसंबर 2025 को उन्होंने वापसी का फैसला लेते हुए कहा था कि वह 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में हिस्सा लेना चाहती हैं।
इसी बीच 3 मई 2026 को विनेश फोगाट ने एक वीडियो जारी कर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने गोंडा में होने वाले सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट को लेकर सुरक्षा और निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे।
pooja