5वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान पढ़ाई को लेकर डांट के बाद छात्र ने उठाया खौफनाक कदम
यमुनानगर में 5वीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पढ़ाई को लेकर मां की डांट के बाद वह कई दिनों से स्कूल नहीं जा रहा था।
यमुनानगर में 5वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान
पढ़ाई को लेकर डांट के बाद 4 दिन से स्कूल नहीं जा रहा था
घर में अकेला था छात्र, मां के लौटने पर मिला शव
हरियाणा के यमुनानगर जिले में 5वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर मां की डांट के बाद वह पिछले तीन-चार दिनों से स्कूल नहीं जा रहा था।
मृतक की पहचान 13 वर्षीय निखिल पुत्र मैनेजर शर्मा निवासी गांधी नगर के रूप में हुई है। घटना के समय वह घर में अकेला था। मां जब दवाई लेकर घर लौटीं तो ऊपर बने कमरे में निखिल फंदे से लटका मिला।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग और गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
मृतक के बड़े भाई विकास ने बताया कि परिवार में चार भाई-बहन हैं। पिता वेल्डिंग का काम करते हैं और निखिल सबसे छोटा था। वह विश्व समता हाई स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ता था।
बताया गया कि मंगलवार को पिता काम पर गए हुए थे, जबकि बाकी भाई-बहन स्कूल गए थे। मां सुषमा देवी की तबीयत खराब थी, इसलिए वह दवाई लेने अस्पताल चली गईं। इस दौरान निखिल घर पर अकेला था।
दोपहर करीब एक बजे जब मां घर लौटीं तो निखिल नीचे नहीं मिला। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद जब वह ऊपर बने कमरे में पहुंचीं तो निखिल फंदे से लटका मिला।
पुलिस के अनुसार छात्र ने टीन शेड में लगी हुक से मां के प्लाजो का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। बेटे को इस हालत में देखकर मां ने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
जांच अधिकारी नवतेज सिंह ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस को दिए बयान में मां सुषमा देवी ने बताया कि निखिल पढ़ाई में कमजोर था। कुछ दिन पहले उन्होंने उसे पढ़ाई को लेकर डांटा था, जिसके बाद से वह स्कूल नहीं जा रहा था।
परिजनों के अनुसार निखिल स्वभाव से हंसमुख था और किसी प्रकार की परेशानी जाहिर नहीं करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
➤ बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों पर पढ़ाई का अत्यधिक दबाव या लगातार डांट-फटकार उनके मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। अभिभावकों को बच्चों से खुलकर बातचीत करनी चाहिए और उनके व्यवहार में बदलाव को गंभीरता से लेना चाहिए।
pooja