जम्मू-कश्मीर के पुंछ में ड्यूटी के सर्विस रिवालवर से चली गोली, हरियाणा के जवान की मौत

हरियाणा के जींद जिले के जवान अमरजीत नैन जम्मू-कश्मीर के पुंछ में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई है। गांव जाजनवाला में एक साल में यह दूसरी शहादत है।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में ड्यूटी के सर्विस रिवालवर से चली गोली,  हरियाणा के जवान की मौत

➤ जम्मू-कश्मीर के पुंछ में ड्यूटी के दौरान हरियाणा के जवान अमरजीत नैन की मौत
➤ गांव जाजनवाला में एक साल में दूसरी शहादत, पहले शहीद हुए थे प्रदीप नैन
➤ आज दोपहर तीन बजे सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार


हरियाणा के जींद जिले के गांव जाजनवाला के जवान अमरजीत नैन की जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई है। सोमवार को जब सेना की ओर से यह सूचना परिवार को दी गई तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग घरों से निकलकर जवान के घर पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाने लगे।

जानकारी के मुताबिक, अमरजीत पुत्र रमेश कुमार जम्मू-कश्मीर के पुंछ में संतरी ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनकी सर्विस राइफल से अचानक गोली चल गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवान तुरंत उन्हें नजदीकी सैन्य अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में मातम फैल गया।

गांव के लोगों के मुताबिक, अमरजीत हमेशा से देश सेवा का जज्बा रखते थे। वह शांत स्वभाव के, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। उनके शहीद होने की खबर मिलते ही गांव में दुख और गर्व दोनों का माहौल है। परिवार का कहना है कि उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर तीन बजे पैतृक गांव जाजनवाला में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि यह एक साल के भीतर दूसरी शहादत है। इससे पहले इसी गांव के जवान प्रदीप नैन 8 जुलाई 2024 को कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए थे। अब अमरजीत की शहादत से पूरा गांव एक बार फिर मातम में डूब गया है।

अमरजीत के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। प्रशासनिक अधिकारी, सेना के जवान और ग्रामीण सभी अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। क्षेत्र में गहरा शोक है, लेकिन साथ ही हर चेहरे पर अपने वीर सपूत के प्रति गर्व झलक रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि इस मिट्टी ने ऐसे सपूत पैदा किए हैं जो देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर देते हैं।