राहुल गांधी के वोट चोरी बयान पर ब्राजीलियन मॉडल का वीडियो, बोली—मैं भारत गई ही नहीं

राहुल गांधी के वोट चोरी वाले बयान पर चर्चा में आई ब्राजीलियन मॉडल लारिसा ने वीडियो जारी कर कहा—मैं भारत गई ही नहीं, सिर्फ नमस्ते जानती हूं।

राहुल गांधी के वोट चोरी बयान पर ब्राजीलियन मॉडल का वीडियो, बोली—मैं भारत गई ही नहीं
  • राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ वाले बयान पर आई ब्राजीलियन मॉडल ने वीडियो जारी कर मजाकिया प्रतिक्रिया दी

  • लारिसा बोली—"मैं तो भारत गई ही नहीं, सिर्फ 'नमस्ते' जानती हूं"

  • कहा—"मेरी फोटो पुरानी है, मैं तब जवान थी... अब मुझे हिंदी सीखनी पड़ेगी"


हरियाणा में राहुल गांधी द्वारा उठाए गए ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर चर्चा में आई ब्राजील की महिला लारिसा ने खुद वीडियो जारी कर इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी है। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि भारत में लोग उसकी पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं और उसे भारतीय महिला बताकर राजनीतिक बहस का हिस्सा बना रहे हैं।

लारिसा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपने काम के वीडियो व फोटो अपलोड करती रहती हैं।

लारिसा ने पुर्तगाली भाषा में कहा—"दोस्तों, मैं आपको एक जोक सुनाने जा रही हूं। यह बहुत बुरा है। क्या वे मेरी पुरानी तस्वीर इस्तेमाल कर रहे हैं?"
वह आगे कहती है—"यह फोटो बहुत पुरानी है, मैं तब जवान थी। लोग भारत में वोटिंग के लिए मेरी तस्वीर इस्तेमाल कर रहे हैं। वे मुझे इंडियन बता रहे हैं और एक-दूसरे से लड़वा रहे हैं। देखो, यह कितना अजीब है! मैं तो सिर्फ ‘नमस्ते’ जानती हूं।"

ब्राजीलियन महिला लारिसा ने खुद को मॉडल नहीं, बल्कि हेयर ड्रेसर बताया।

वीडियो में लारिसा ने दावा किया कि वह कभी भारत गई ही नहीं, तो वह वहां वोट कैसे डाल सकती है। उसने कहा, "मुझे भारतीय लोग बहुत पसंद हैं, लेकिन भारत की राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं। मेरी तस्वीर एक स्टॉक इमेज वेबसाइट से खरीदी गई और बिना अनुमति के इस्तेमाल की गई।"

लारिसा ने खुद को मॉडल नहीं, बल्कि डिजिटल इन्फ्लुएंसर और हेयर ड्रेसर बताया है। उसने कहा, "मैं भारत में फेमस हो जाऊंगी, क्या आप यकीन कर सकते हैं? अब मुझे हिंदी सीखनी पड़ेगी, अगला वीडियो हिंदी में बनाऊंगी।"

लारिसा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपने काम के वीडियो व फोटो अपलोड करती रहती हैं।

राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में करीब 25 लाख वोट चोरी हुए।
उन्होंने एक महिला का फोटो दिखाते हुए कहा कि यह ब्राजीलियन मॉडल हरियाणा में वोटर बनी और 22 बार वोट डाला।
राहुल ने बताया कि यह फोटो फ्री स्टॉक इमेज साइट Unsplash.com से लिया गया था, जहां इसे 2 मार्च 2017 को फोटोग्राफर मैथियस फेरेरो ने अपलोड किया था।

हल्के-फुल्के लहजे में लारिसा ने कहा—"मैं सिर्फ ‘नमस्ते’ जानती हूं, अब कुछ और भारतीय शब्द सीखने होंगे ताकि मैं अपने अगले वीडियो में बोल सकूं।"
उसने कहा, "कई भारतीय पत्रकार मुझसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। वे मुझसे पूछ रहे हैं कि क्या मैं वही रहस्यमयी ब्राजीलियन मॉडल हूं। हां, मैं वही हूं, लेकिन मैं मॉडल नहीं हूं।"