पीएम मोदी के दौरें से पहले सीएम सैनी ने की तैयारियों की समीक्षा
सीएम नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में PM मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। ब्रह्मसरोवर पर आरती की और ज्योतिसर में 206 करोड़ के अनुभव केंद्र का निरीक्षण किया।
• सीएम नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में PM मोदी के कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया
• ब्रह्मसरोवर पर महाआरती की, ज्योतिसर में 206 करोड़ के अनुभव केंद्र का लिया जायजा
• गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष पर 125 एकड़ में पंडाल, PM मोदी करेंगे शिरकत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। सीएम ने अधिकारियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और सभी को समय पर तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। PM मोदी इस बार पहली बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होंगे, जिसके चलते प्रशासन द्वारा सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
सीएम नायब सैनी ने ज्योतिसर में 206 करोड़ की लागत से तैयार किए गए महाभारत थीम आधारित अनुभव केंद्र का भी निरीक्षण किया। यह केंद्र आधुनिक तकनीक के जरिए भगवद्गीता और महाभारत के संदेश को दर्शाने के लिए बनाया गया है।
शाम को मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर पर महाआरती की। गीता महोत्सव में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन सभी व्यवस्थाओं को मजबूत कर रहा है। सीएम ने बताया कि 25 नवंबर को होने वाले गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम के लिए 125 एकड़ का विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने मानवता, धर्म और देश की रक्षा के लिए अपना महान बलिदान दिया था। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। सरकार और हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी इस समागम को राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम के रूप में मना रही है। सीएम ने बताया कि यमुनानगर में श्री गुरु तेग बहादुर कृषि कॉलेज बनाया जाएगा। इसके अलावा सिरसा के चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में गुरु जी के जीवन और दर्शन पर रिसर्च के लिए एक विशेष चेयर स्थापित की जाएगी। सरकार ने सिरसा स्थित गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को 70 कनाल भूमि भी निशुल्क प्रदान की है।
Author1